PATNA: राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी अध्यक्ष एवं बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगातार सम्राट चौधरी की सरकार और गठबंधन के नेताओं पर निशाना साध रहे हैं। बिहार में बढ़ रही आपराधिक वारदातों को लेकर तेजस्वी यादव ने एक बार फिर हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स के माध्यम से सरकार को घेरने का काम किया।
बिहार में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और एनडीए नेताओं पर लग रहे आरोपों को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी सरकार पर तीखा हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबा पोस्ट साझा कर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अपराध, भ्रष्टाचार और जमीन कब्जाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और एनडीए के विधायक ही जनता का शोषण कर रहे हैं।
तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सत्ता का संरक्षण मिलने से जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने लिखा कि जब मुख्यमंत्री का संरक्षण आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को मिलता है, तो उनके विधायक और मंत्रियों का अपराध करने का मनोबल दोगुना हो जाता है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सरकारी जमीन पर कब्जा, अधिकारियों की हत्या, भ्रष्टाचार, रंगदारी, लूट और डकैती जैसी घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं।
पीएम मोदी और अमित शाह से पूछा सवाल
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। एनडीए के विधायक ही अब जनता को लूट रहे हैं और भ्रष्टाचार तथा अपराध की घटनाएं सभी सीमाएं पार कर चुकी हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सवाल किया कि एनडीए विधायकों पर लग रहे आरोपों और उनके कथित अनैतिक कार्यों पर उनकी क्या प्रतिक्रिया है?
मैथिली ठाकुर और उनके पिता पर सरकारी जमीन कब्जाने का आरोप
तेजस्वी यादव ने दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड में सरकारी जमीन और सार्वजनिक संपत्तियों पर कथित कब्जे का मामला उठाया। उन्होंने भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर और उनके पिता रमेश ठाकुर पर कई सौ करोड़ रुपये की सरकारी जमीन, सार्वजनिक सड़क, सामूहिक श्राद्धस्थल और निजी भूखंडों पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया। तेजस्वी ने दावा किया कि प्रशासन ने भी कब्जे से जुड़ी शिकायतों की पुष्टि की है। इस मामले को लेकर उन्होंने भाजपा विधायक पर तंज भी कसा।
दरभंगा में सर्राफा कारोबारी से लूट का मामला उठाया
नेता प्रतिपक्ष ने दरभंगा में पश्चिम बंगाल के एक सर्राफा कारोबारी के ड्राइवर को गोली मारकर करीब 62 किलोग्राम चांदी और नकदी लूटने की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने इस मामले में गिरफ्तार या आरोपित विशाल महासेठ के कथित भाजपा नेताओं से संबंध होने का आरोप लगाया। तेजस्वी ने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी लूट की घटना पर राज्य सरकार और एनडीए के नेता चुप क्यों हैं?
44 हजार कारतूस बरामदगी का भी किया जिक्र
तेजस्वी यादव ने बिहार में हथियार और कारतूस तस्करी के मामले को भी सरकार के खिलाफ उठाया। उन्होंने दावा किया कि आरएसएस से जुड़े कुछ लोगों के पास से 44 हजार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि इस तस्करी गिरोह ने कई टन बम और गोला-बारूद की भी तस्करी की है।
LJP(RV) के विधायकों पर भी लगाए गंभीर आरोप
तेजस्वी यादव ने चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के एनडीए विधायकों को भी निशाने पर लिया। उन्होंने बेलसंड के विधायक पर मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी जिलों में करोड़ों रुपये की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया। तेजस्वी के मुताबिक, पुलिस का दावा है कि जमीन कब्जाने और रंगदारी के लिए करीब 50 लोगों का गिरोह काम करता है।
इसके अलावा उन्होंने रोहतास जिले के डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या के मामले में भी एलजेपीआर के एक विधायक का नाम आने का दावा किया। उन्होंने मृत अधिकारी की पत्नी के आरोपों का हवाला देते हुए कहा कि कमीशन नहीं मिलने पर हत्या कराए जाने की बात कही गई है। तेजस्वी ने भागलपुर में भी एलजेपीआर के एक विधायक पर 10 राउंड फायरिंग कर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया।
मंत्री पर भी लगाए गंभीर आरोप
अपने पोस्ट में तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार के एक मंत्री से जुड़ा मामला भी उठाया। उन्होंने दिल्ली के एक पांच सितारा होटल में एक युवती के साथ कथित अभद्र व्यवहार और मामले को दबाने के लिए कथित लेन-देन का आरोप लगाया। तेजस्वी ने इन सभी मामलों को एनडीए सरकार के चाल, चरित्र और चेहरे से जोड़ते हुए सरकार पर निशाना साधा।
कुल मिलाकर तेजस्वी यादव ने एक के बाद एक कई मामलों का जिक्र कर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार को घेरने की कोशिश की है। हालांकि, अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लगाए गए आरोपों को लेकर उन्होंने राजनीतिक सवाल भी खड़े किए हैं। इन आरोपों पर संबंधित नेताओं और सरकार का पक्ष सामने आना बाकी है।
जब आपराधिक प्रवृति के मुख्यमंत्री का संरक्षण प्राप्त हो तब उनके विधायक और मंत्रियों का अपराध करने का मनोबल दुगुना हो जाता है और वो आम नागरिकों के साथ साथ सरकारी जमीन कब्जाने, सरकारी अधिकारियों का मर्डर कराने, भ्रष्टाचार एवं व्यभिचार के अलावा रंगदारी, लूट और डकैती का काम और अधिक तीव्र गति से शुरू कर दिया है। बिहार में सरकार नाम की कोई चीज़ नहीं। 𝐍𝐃𝐀 के विधायक ही अब जनता को लूट रहे है। भ्रष्टाचार और अपराध सभी सीमाएं तोड़ चुका है। विगत दिनों में एनडीए विधायकों द्वारा किये जा रहे जुर्म और अनैतिक कार्यों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का क्या कहना है? 👉 भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर और उनके पिता रमेश ठाकुर ने दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड की कई सौ करोड़ की सरकारी जमीन, सार्वजनिक सड़क, सामूहिक श्राद्धस्थल और निजी भूखंडों पर अवैध कब्जा किया। प्रशासन ने भी इस कब्जे की सत्यता की पुष्टि की है। बताइए भला- गर्भ में कथित जंगलराज देखने वाली विधायक अब मंगलराज में भजन गाकर सरकारी एवं ग्रामीणों की जमीन कब्जा रही है। 👉 बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के खासमख़ास प्रतिनिधि और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के करीबी दरभंगा के पूर्व भाजपा नगर/मंडल महामंत्री व दुर्दांत लुटेरे विशाल महासेठ ने अपनी हथियारबंद गैंग के साथ दरभंगा में पश्चिम बंगाल के एक सर्राफा कारोबारी के ड्राइवर को गोली मारकर लगभग 𝟔𝟐 किलोग्राम चांदी और नकदी लूट ली। इस भाजपाई लूट की घटना पर सम्राट चौधरी एंड गैंग के मुँह में दही जम गया। यह गैंग अभी अपराधियों की जाति खोजने और मामले से ध्यान भटकाने में व्यस्त है। 👉 बिहार में 𝐑𝐒𝐒 से जुड़े चंदन तिवारी, अभिषेक तिवारी, लालटू कुमार और सरस कुमार से 𝟒𝟒,𝟎𝟎𝟎 जिंदा कारतूस पकड़े गए है। बताया जाता है कि इस तस्करी गैंग ने कई टन बम-गोला-बारूद की भी तस्करी की है। 👉 बेलसंड से चिराग पासवान की 𝐋𝐉𝐏𝐑 पार्टी के एनडीए विधायक ने मुजफ्फरपुर एवं सीतामढ़ी जिलों में कई सौ करोड़ों की जमीन कब्जाई। पुलिस का ही कहना है कि ये 𝟓𝟎 गुर्गों की गैंग है जो रंगदारी और गरीबों की जमीन कब्जाने का काम करती है। 👉 𝐋𝐉𝐏𝐑 के ही एक 𝐍𝐃𝐀 विधायक का नाम रोहतास जिले के डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी(𝐄𝐎) की हत्या में आया। सरकारी अधिकारी की पत्नी के अनुसार कमीशन नहीं देने पर 𝐋𝐉𝐏𝐑 विधायक ने उनके पति की हत्या करवाई। 👉 भागलपुर में 𝐋𝐉𝐏𝐑 के ही एक 𝐍𝐃𝐀 विधायक ने 𝟏𝟎 राउंड फायरिंग कर जमीन कब्जाई। 👉 बिहार सरकार के एक मंत्री पर दिल्ली के एक पांच सितारा होटल में युवती के साथ कथित अभद्र व्यवहार और मामले को दबाने के लिए कथित लेन-देन के मामले का खुलासा एनडीए सरकार के चाल-चरित्र और चेहरे को दर्शाता है।
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) November 13, 2026