STET 2025 Result Card : पटना में STET-2025 परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) की ओर से आयोजित माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET)-2025 का रिजल्ट कार्ड 1 जून से वितरित किया जाएगा। जिला शिक्षा कार्यालय ने इसके लिए पटना जिले में 12 वितरण केंद्र निर्धारित किए हैं, जहां अभ्यर्थी तय तिथियों पर पहुंचकर अपना रिजल्ट कार्ड प्राप्त कर सकेंगे।
जिला शिक्षा कार्यालय के अनुसार रिजल्ट कार्ड वितरण का कार्य 1 जून, 2 जून, 4 जून, 5 जून, 6 जून और 8 जून को किया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच अपने निर्धारित केंद्र पर पहुंचना होगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ऐसे में उम्मीदवारों को आधार कार्ड, वोटर आईडी या अन्य वैध पहचान पत्र साथ लेकर आने की सलाह दी गई है।
शिक्षा विभाग की ओर से जारी सूचना के मुताबिक पटना के अलग-अलग इलाकों में केंद्र बनाए गए हैं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। रिजल्ट कार्ड वितरण के लिए जिन स्कूलों को केंद्र बनाया गया है उनमें दारोगा प्रसाद राय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सरिस्ताबाद; कमला नेहरू बालिका उच्च विद्यालय, गर्दनीबाग; शहीद राजेंद्र प्रसाद सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गर्दनीबाग; राजकीयकृत उच्च माध्यमिक विद्यालय, चिरैयाटांड़; सर जीडी पाटलिपुत्र उच्च माध्यमिक विद्यालय, कंकड़बाग और पीएन एंग्लो संस्कृत उच्च माध्यमिक विद्यालय, नया टोला शामिल हैं।
इसके अलावा बीएन कॉलेजिएट स्कूल, अशोक राजपथ; बांकीपुर बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, गोलघर; राजकीय बालक उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर; केबी सहाय उच्च माध्यमिक विद्यालय, शेखपुरा; देवीपद चौधरी शहीद स्मारक उच्च माध्यमिक विद्यालय, वीरचंद पटेल पथ तथा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर को भी वितरण केंद्र बनाया गया है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे भीड़ से बचने के लिए निर्धारित तिथि और समय पर ही अपने केंद्र पर पहुंचें। अधिकारियों ने कहा कि रिजल्ट कार्ड प्राप्त करने के दौरान अनुशासन बनाए रखना जरूरी होगा। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या दस्तावेज की कमी होने पर रिजल्ट कार्ड वितरण में परेशानी हो सकती है।
बता दें कि STET परीक्षा बिहार में शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया के लिए बेहद अहम मानी जाती है। इस परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षक भर्ती के लिए पात्र माना जाता है। ऐसे में रिजल्ट कार्ड जारी होने का इंतजार लंबे समय से किया जा रहा था। अब परीक्षा समिति द्वारा तिथि घोषित किए जाने के बाद अभ्यर्थियों में उत्साह देखा जा रहा है।
शिक्षा विभाग ने यह भी कहा है कि अभ्यर्थी अपने निर्धारित केंद्र की जानकारी पहले से सुनिश्चित कर लें, ताकि अंतिम समय में किसी तरह की परेशानी न हो। वहीं, केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासनिक तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।