PATNA: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के प्रति दीवानगी का एक अनोखा मामला सामने आया है। उनके छह प्रशंसक जहानाबाद से करीब 75 किलोमीटर की दूरी दौड़कर साढ़े आठ घंटे में पटना स्थित उनके आवास पर पहुंचे। युवकों का कहना है कि वे अनंत सिंह के बहुत बड़े फैन हैं और उनसे मिलने की ख्वाहिश लंबे समय से थी।
इन छह युवकों ने बताया कि वे हमेशा लंबी दूरी की दौड़ यानी लॉन्ग रनिंग करते हैं। अनंत सिंह की आवाज और उनका अंदाज उन्हें काफी पसंद है। उनके मुताबिक, अनंत सिंह से मिलने के लिए लोग गाड़ी और ट्रेन से पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्होंने उनसे मिलने के लिए कुछ अलग करने की सोची और जहानाबाद से दौड़ते हुए मोकामा पहुंच गए।
युवकों की इस अनोखी दीवानगी को देखकर अनंत सिंह ने भी उनका स्वागत किया। उनसे मुलाकात के बाद युवक काफी उत्साहित नजर आए। अनंत सिंह ने अंग वस्त्र देकर सभी युवाओं को सम्मानित किया।
बता दें कि इन दिनों अनंत सिंह अपनी बेटी शिवांगी की शादी को लेकर भी चर्चा में हैं। उनकी बेटी की शादी 25 नवंबर को होने वाली है। शादी के निमंत्रण के लिए करीब चार लाख कार्ड छपवाए गए हैं। बताया जा रहा है कि मेहमानों के लिए वीआईपी, जनरल और बीच की श्रेणी समेत अलग-अलग तरह के निमंत्रण कार्ड तैयार करवाए गए हैं। अनंत सिंह सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों को बिटिया की शादी में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। उनके समर्थक कार्ड बांटने में लगे हुए हैं। मंत्री, विधायक, विधान पार्षद सहित तमाम लोगों के घर पर शादी का कार्ड पहुंचाया जा रहा है और शादी में शामिल होने का आग्रह किया जा रहा है।