Bihar Crime News : शेखपुरा में शाम का वक्त था। कोचिंग खत्म होने के बाद एक नाबालिग छात्रा घर लौटने के लिए सड़क किनारे खड़ी थी। तभी एक स्कॉर्पियो वहां आकर रुकी। कार सवार युवक ने छात्रा को घर तक छोड़ने की बात कही। छात्रा ने पहले अपने परिजनों से बात करने की बात कहते हुए कार में बैठने से इनकार कर दिया। लेकिन कुछ देर बाद युवक ने अपने ही मोबाइल से उसके परिजनों को फोन किया। जब फोन रिसीव नहीं हुआ तो उसने छात्रा को भरोसा दिलाया कि वह उसे सुरक्षित घर पहुंचा देगा। यहीं से शुरू हुई वह कहानी, जिसने शेखपुरा शहर में सनसनी फैला दी।


आरोप है कि छात्रा के कार में बैठने के बाद युवक उसे घर ले जाने के बजाय सुनसान रास्ते की ओर ले गया। इसके बाद चलती स्कॉर्पियो में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी छात्रा को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को लखीसराय से गिरफ्तार कर लिया।


मामला शेखपुरा शहर के आरडी कॉलेज मोड़ का है। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार की शाम नाबालिग छात्रा कोचिंग खत्म करने के बाद घर जाने के लिए वहां खड़ी थी। इसी दौरान शहर के जखराज स्थान निवासी शशिभूषण सिंह का पुत्र अमृत कुमार उर्फ अमित कुमार स्कॉर्पियो लेकर वहां पहुंचा। आरोप है कि युवक ने छात्रा को लिफ्ट देने और घर छोड़ने की बात कही। छात्रा ने तत्काल उसके साथ जाने से इनकार कर दिया और कहा कि पहले वह अपने परिजनों से बात करेगी। इसके बाद आरोपी ने अपने मोबाइल से छात्रा के परिजनों को फोन किया। बताया जा रहा है कि परिजनों ने उस समय फोन रिसीव नहीं किया। इसी बात का फायदा उठाकर आरोपी ने छात्रा को भरोसा दिलाया कि वह उसे सुरक्षित घर पहुंचा देगा। इसके बाद छात्रा उसकी स्कॉर्पियो में बैठ गई।


आरोप है कि छात्रा को घर पहुंचाने के बजाय युवक ने कार को दूसरी दिशा में मोड़ दिया। स्कॉर्पियो भदौस के आगे मदारी रोड की तरफ बढ़ती चली गई। रास्ता सुनसान होने के बाद आरोपी ने छात्रा के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया।पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी छात्रा को पचना गांव के पास झारखंड मंदिर मोड़ के समीप छोड़कर फरार हो गया। अचानक खुद को सुनसान जगह पर पाकर छात्रा काफी घबरा गई। इसके बावजूद वह किसी तरह वहां से अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। छात्रा की आपबीती सुनकर परिवार के लोग सकते में आ गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई और महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।


मामला सामने आते ही पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। आरोपी के बारे में मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की टीम उसके पीछे लगी रही। पुलिस की कार्रवाई का असर कुछ ही घंटों में दिखाई दिया। महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को लखीसराय से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया है।


शनिवार को अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार ने मामले के उद्भेदन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है और घटना में प्रयुक्त वाहन को भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस अब मामले की आगे की जांच में जुटी है। 


आरोपी से पूछताछ के साथ घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। छात्रा का मेडिकल परीक्षण और मामले में जरूरी कानूनी प्रक्रिया भी पुलिस की निगरानी में कराई जा रही है।इस घटना ने एक बार फिर रास्ते में अनजान लोगों से लिफ्ट लेने को लेकर सुरक्षा का सवाल खड़ा कर दिया है। खासकर कोचिंग और स्कूल से लौटने वाले छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस की तफ्तीश जारी है और आरोपी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। नाबालिग पीड़िता की पहचान कानून के तहत गोपनीय रखी जा रही है।