SASARAM: सासाराम से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां नौवीं कक्षा के छात्र को गोली मारने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रोहतास जिले के कछवा थाना क्षेत्र के जग्गू टोला गांव में 9 अक्टूबर को हुई गोलीबारी के मामले में एक युवती समेत पांच लड़कों को पकड़ा गया है। इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं, जिन्हें पुलिस ने निरुद्ध किया है।
जानकारी के मुताबिक, औरंगाबाद जिले के दाउदनगर स्थित ज्ञान गंगा इंटर स्कूल में पढ़ने वाले छात्र आशीष कुमार को 9 अक्टूबर की सुबह स्कूल जाते समय गोली मार दी गई थी। इस हमले में वह घायल हो गया था।
मामले का खुलासा करते हुए रोहतास के एसपी मिस्टर राज ने प्रेस वार्ता में बताया कि वारदात को आपसी रंजिश के कारण अंजाम दिया गया था। इस घटना में शामिल अधिकांश आरोपी स्कूल और कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र हैं।
एसपी के अनुसार, सतीश कुमार ने छात्र आशीष कुमार को गोली मारी थी। वहीं, प्रियांशु कुमार और रागिनी कुमारी नाम की युवती की भी इस घटना में संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने इन तीनों को गिरफ्तार करने के साथ ही दो नाबालिगों को भी निरुद्ध किया है। फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।