VAISHALI: बिहार के वैशाली जिले से प्रेम विवाह और पारिवारिक विवाद का एक मामला सामने आया है। सराय थाना क्षेत्र के हाट रोड स्थित दुर्गा मंदिर के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुजफ्फरपुर की एक युवती पुलिस को लेकर अपने कथित पति के घर पहुंच गई। युवती के पहुंचते ही घर के सभी सदस्य मकान में ताला लगाकर फरार हो गए।


जानकारी के अनुसार, सराय हाट रोड निवासी बालमुकुंद साह के बेटे रूपेश साह ने करीब चार महीने पहले युवती से मंदिर में प्रेम विवाह किया था। युवती का आरोप है कि रूपेश ने अपनी पहली शादी की बात छिपाकर उससे दूसरी शादी की। इसके बाद वह उसे हाजीपुर के पासवान चौक स्थित एक किराए के मकान में रख रहा था।


पीड़िता के मुताबिक, जब वह अपने ससुराल पहुंची, तब उसे पता चला कि उसका पति पहले से शादीशुदा है। आरोप है कि इस बात की जानकारी पति के माता-पिता को मिलने के बाद उन्होंने उसे घर में रखने से इनकार कर दिया और हाथ पकड़कर घर से बाहर निकाल दिया।


इसके बाद युवती न्याय की गुहार लेकर सराय थाने पहुंची। वहां से पुलिस को साथ लेकर वह अपने पति के घर पहुंच गई। लेकिन पुलिस के पहुंचते ही घर के सभी सदस्य मकान में ताला लगाकर फरार हो गए। घर के बाहर ताला लटका देख युवती घंटों दरवाजे पर खड़ी रही।


पीड़िता की मांग है कि उसे उसके पति के घर में रहने दिया जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।