Bihar News : बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर बढ़ते सवालों के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अब प्रशासनिक मशीनरी को कसने की तैयारी कर ली है। बिहार की सत्ता संभालने के बाद पहली बार मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की दो दिवसीय मैराथन बैठक बुलाई है। 28 और 29 नवंबर को पटना में होने वाली इस हाईलेवल मीटिंग में राज्य के सभी 38 जिलों के डीएम और एसपी के साथ पुलिस मुख्यालय से लेकर सचिवालय तक के बड़े अधिकारी शामिल होंगे। बैठक का सीधा संदेश साफ है- जिलों में अपराध पर लगाम लगाइए और विकास योजनाओं को जमीन पर उतारिए।
खास बात यह है कि इस बार मुख्यमंत्री केवल अधिकारियों की रिपोर्ट सुनकर बैठक खत्म नहीं करने वाले हैं, बल्कि जिलों की वास्तविक स्थिति, अपराध नियंत्रण और सरकारी योजनाओं की रफ्तार का हिसाब भी लेंगे। माना जा रहा है कि बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट लक्ष्य और जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। कानून-व्यवस्था में लापरवाही और अपराध नियंत्रण में ढिलाई को लेकर एसपी की जवाबदेही तय करने पर भी जोर रहेगा।
अपराध की घटनाओं ने बढ़ाई सरकार की चिंता, अब सीधे SP से होगा सवाल
पिछले कुछ दिनों में बिहार में हुई आपराधिक घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार की चिंता बढ़ा दी है। बेतिया में सेनेको शोरूम से करीब 16 करोड़ रुपये की लूट, बेगूसराय में गैंगरेप पीड़िता को छत से नीचे फेंकने की घटना, मधुबनी में एएसआई द्वारा ग्रामीण की हत्या और भोजपुर में शादी समारोह के दौरान घुसकर अंधाधुंध फायरिंग जैसी घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं।
इन घटनाओं ने एक बार फिर बिहार में सुशासन और कानून के राज को लेकर राजनीतिक बहस तेज कर दी है। ऐसे में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपराधियों पर लगाम लगाने के साथ आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना है।
बैठक में सभी जिलों के एसपी से अपराध की स्थिति, अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित मामलों और पुलिस की कार्रवाई का ब्योरा लिया जाएगा। किन जिलों में अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं, कहां पुलिस की कार्रवाई में देरी हुई है और किन मामलों में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, इन सभी बिंदुओं पर चर्चा हो सकती है। सरकार का जोर साफ है कि किसी जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती है तो उसकी जवाबदेही संबंधित पुलिस प्रशासन की होगी।
दो दिन, दो बड़े एजेंडे... पहले अपराध पर चर्चा, फिर विकास का हिसाब
पटना सचिवालय स्थित संवाद सभागार (अधिवेशन भवन) में आयोजित इस बैठक को दो हिस्सों में बांटा गया है। पहले दिन यानी 28 नवंबर को कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर पूरा फोकस रहेगा। मुख्यमंत्री सभी जिलों के डीएम और एसपी से सीधे संवाद करेंगे। पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आईजी और डीआईजी भी बैठक में शामिल होंगे।
वहीं, 29 नवंबर को विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसमें सात निश्चय योजना, कृषि रोडमैप, सड़क, पुल-पुलिया, भवन निर्माण और दूसरी महत्वपूर्ण सरकारी परियोजनाओं की स्थिति पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री यह जानना चाहेंगे कि जिन योजनाओं को लेकर सरकार ने लक्ष्य तय किए हैं, उनका काम कितनी तेजी से आगे बढ़ रहा है और किन कारणों से परियोजनाएं अटकी हुई हैं। जिलों में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार, योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और आम लोगों को मिलने वाली सुविधाओं की स्थिति भी समीक्षा के दायरे में रहेगी।
मुख्य सचिव से लेकर डीएम-एसपी तक, पूरी प्रशासनिक मशीनरी होगी मौजूद
इस हाईलेवल बैठक में मुख्य सचिव, विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिव शामिल होंगे। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, सभी प्रमंडलों के आयुक्त, रेंज के आईजी और डीआईजी भी मौजूद रहेंगे। बैठक में बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, नगर विकास और उद्योग विभाग की ओर से प्रेजेंटेशन भी दिया जाएगा। विभागों के अधिकारी अपनी उपलब्धियों, चल रही योजनाओं और आने वाले समय की कार्ययोजना के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी देंगे।
मुख्यमंत्री का फोकस इस बात पर रहेगा कि सरकारी योजनाओं का लाभ केवल फाइलों और आंकड़ों तक सीमित नहीं रहे। गांव, पंचायत और प्रखंड स्तर पर आम लोगों को इसका वास्तविक फायदा मिले। इसके लिए जिला प्रशासन को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाने का निर्देश दिया जा सकता है।
इस बैठक में कई जिलों के डीएम और एसपी पटना पहुंच चुके हैं। खास चर्चा गया के डीएम शशांक शुभंकर और नालंदा की डीएम उदिता सिंह को लेकर भी है, जो पति-पत्नी हैं और दोनों अलग-अलग जिलों की प्रशासनिक जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। दोनों अधिकारियों की मौजूदगी भी इस बैठक की खास तस्वीरों में शामिल होगी।
प्रशासनिक स्तर पर बैठक को लेकर तैयारियां पूरी की गई हैं। अधिकारियों को अपने-अपने जिलों की कानून-व्यवस्था और विकास योजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी के साथ पहुंचना है। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री सीधे अधिकारियों से सवाल-जवाब कर सकते हैं।
सिर्फ अपराध और विकास ही नहीं, आम लोगों की समस्याओं का समाधान भी बैठक के एजेंडे में शामिल है। मुख्यमंत्री जिलों में लोक शिकायत निवारण व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करेंगे। कितनी शिकायतें मिलीं, कितनों का समाधान हुआ और कितने मामले अब भी लंबित हैं, इसका ब्योरा लिया जाएगा।सरकार की कोशिश है कि आम लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। अधिकारियों को शिकायतों का समय पर निपटारा करने और जनता के प्रति जवाबदेह बनने पर जोर दिया जाएगा।
बिहार विधानमंडल का शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले बुलाई गई इस बैठक को राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सदन में सरकार से कानून-व्यवस्था, विकास योजनाओं और जनता से जुड़े मुद्दों पर सवाल पूछे जाएंगे। ऐसे में मुख्यमंत्री पहले ही पूरे प्रशासनिक तंत्र की स्थिति समझ लेना चाहते हैं।
सम्राट चौधरी की इस दो दिवसीय बैठक को प्रशासनिक व्यवस्था की बड़ी परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है। एक तरफ अपराध पर नियंत्रण की चुनौती है तो दूसरी तरफ विकास योजनाओं को गति देने का दबाव। अब देखना होगा कि पटना में होने वाली इस मैराथन बैठक के बाद जिलों में पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली में कितना बदलाव दिखाई देता है। फिलहाल मुख्यमंत्री का संदेश साफ है- अपराध पर लगाम और विकास के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।