PATNA: बीजेपी विधायक दल का नेता बनाये जाने के बाद अब एनडीए विधायक दल का नेता भी सम्राट चौधरी को चुन लिया गया है। अब सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। नीतीश कुमार ने उन्हें माला पहनाकर बधाई और शुभकामनाएं दी। वही सम्राट चौधरी ने भी शीश झुकाकर नमन किया।


 इस दौरान नीतीश कुमार सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखते नजर आए। नीतीश कुमार ने सेंट्रल हॉल में मौजूद नेताओं से कहा कि ताली बजाओं यह बहुत अच्छा लड़का है। सीट पर बैठे विधायक से बोले किआप भी खड़ा होईए ना महाराज। इस दौरान सभी नेता हंसने लगे। मौके पर जीतन राम मांझी, ललन सिंह, शिवराज सिंह चौहान सहित कई वरीय नेता भी मौजूद थे। 


एनडीए के तमाम सहयोगी दलों ने सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना है। अब सम्राट चौधरी एनडीए विधायकों का समर्थन राज्यपाल को सौंपेंगे। जिसके बाद कल लोकभवन में शपथग्रहण समारोह होगा। जिसमें सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ-साथ दो डिप्टी सीएम भी पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।  



सम्राट चौधरी अब बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे। बीजेपी विधायक दल का नेता उन्हें चुना गया है। पटना में बीजेपी विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी के नाम पर अंतिम मुहर लग गयी है। वही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने जो ट्वीट किया उस पर रिप्लाई देते हुए सम्राट चौधरी ने लिखा कि पूर्ण विश्वास है कि आपके मार्गदर्शन में बिहार विकास की दिशा में निरंतर बढ़ता रहेगा। आपका सफलतम कार्यकाल और सुशासन का मॉडल प्रेरणास्रोत है।


बता दें कि बीजेपी विधायक दल की बैठक में इस बात पर सहमति हुई कि बिहार के अगले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी होंगे। पार्टी और सहयोगी दलों के बीच इसे लेकर सहमति बन गई। आज नीतीश युग का अंत और सम्राट युग की शुरुआत हो गयी। सम्राट चौधरी ने एक पोस्ट करते हुए पीएम मोदी और नितिन की तस्वीर लगाते हुए लिखा कि भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मुझ पर विश्वास जताते हुए #भाजपा_बिहार_विधानमंडल_दल के #नेता का दायित्व सौंपने पर हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। 


यह मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा, उनके विश्वास और सपनों को साकार करने का एक पवित्र अवसर है। मैं पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ जन-जन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लेता हूँ। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के कुशल नेतृत्व एवं माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @NitinNabin जी के मार्गदर्शन में बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयामों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहूँगा। आप सभी का स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है।जय बिहार, जय भारत!


बता दें कि राज्यपाल को इस्तीफा सौंपने के बाद नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा था कि आप जानते हैं कि 24 नवंबर, 2005 को राज्य में पहली बार एन०डी०ए० सरकार बनी थी। तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं। सरकार ने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है चाहे हिंदू हो, मुस्लिम हो, अपर कास्ट हो, पिछड़ा हो, अति पिछड़ा हो, दलित हो, महादलित हो- सभी के लिए काम किया गया है। हर क्षेत्र में काम हुआ है चाहे शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, सड़क हो, बिजली हो, कृषि हो। महिलाओं एवं युवाओं के लिए भी बहुत काम किया गया है।


इन दिनों काम को और आगे बढ़ाया गया है। अगले पाँच वर्षों यानि 2025 से 2030 के लिए 7 निश्चय-3 का गठन किया गया है। इससे और ज्यादा काम होगा जिससे बिहार काफी आगे बढ़ेगा। बिहार के विकास में केन्द्र का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। इसके लिए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का नमन करते हैं। बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के टॉप राज्यों में शामिल हो जाएगा तथा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।


हमने बिहार के लोगों के लिए बहुत काम किया है। इतने दिनों से हमने लगातार लोगों की सेवा की है। हमने तय किया था कि अब मुख्यमंत्री का पद छोड़ देंगे और इसलिए आज मंत्रिमंडल की बैठक के बाद माननीय राज्यपाल से मिलकर उन्हें इस्तीफा सौंप दिया। अब नई सरकार यहाँ का काम देखेगी। नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा। आगे भी बहुत अच्छा काम होगा तथा बिहार बहुत आगे बढ़ेगा। सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूँ तथा शुभकामनाएं देता हूँ।


नीतीश कुमार के इसी ट्वीट का रिप्लाई करते हुए सम्राट चौधरी ने लिखा कि पूर्ण विश्वास है कि आपके मार्गदर्शन में बिहार विकास की दिशा में निरंतर बढ़ता रहेगा। आपका सफलतम कार्यकाल और सुशासन का मॉडल प्रेरणास्रोत है।