DELHI: दिल्ली में आज हाई लेवल मीटिंग हुई। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ उनके आवास पर बैठक हुई। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार के पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र इस बैठक में शामिल हुए। बैठक में बिहार और केंद्र सरकार के बीच कई हाईवे और एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट पर सहमति बनी। 


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कुछ फोटोग्राफ्ट शेयर करते हुए यह लिखा कि "नई दिल्ली में माननीय केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री  @nitin_gadkari  जी के साथ बिहार की कनेक्टिविटी को नई गति प्रदान करने तथा विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों एवं चल रही तथा प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक की। इस अवसर पर बिहार के माननीय पथ निर्माण मंत्री @Ershailendrabjp  जी एवं विभाग के संबंधित पदाधिकारीगण भी उपस्थित रहें। "


बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान बिहार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में बिहार की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने और विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग एवं एक्सप्रेसवे परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोमवार दोपहर दिल्ली पहुंचे थे। शाम को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के सरकारी आवास पर हुई उच्चस्तरीय बैठक में बिहार की कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के दौरान राज्य में चल रही और प्रस्तावित विभिन्न हाईवे एवं एक्सप्रेसवे परियोजनाओं को लेकर केंद्र और राज्य सरकार के बीच सहमति बनी।


बैठक के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की कनेक्टिविटी को नई गति देने के उद्देश्य से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि राज्य में विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षात्मक बैठक की गई, जिसमें कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर निर्णय लिए गए।


एक्सप्रेसवे और हाईवे परियोजनाओं पर बनी सहमति

पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र ने मीडिया से बातचीत में बताया कि बिहार की लगभग सभी प्रमुख सड़क परियोजनाओं पर केंद्र सरकार के साथ सहमति बन गई है। उन्होंने कहा कि करीब आधे घंटे तक चली बैठक में गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे, रक्सौल-हल्दिया कॉरिडोर, बक्सर-भागलपुर हाईवे समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि भूमि अधिग्रहण और अतिक्रमण के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की जो परियोजनाएं लंबित थीं, उनके समाधान को लेकर भी सहमति बनी है। मंत्री ने उम्मीद जताई कि इस बैठक के सकारात्मक परिणाम जल्द सामने आएंगे।


फोरलेन हाईवे को सिक्सलेन बनाने का प्रस्ताव

पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने बताया कि राज्य में चल रही सभी हाईवे परियोजनाओं को गति देने पर बैठक में विशेष रूप से चर्चा की गई। जिन परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण या वन विभाग से स्वीकृति मिलने में देरी हो रही है, उन्हें जल्द पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने केंद्र सरकार को राज्य के कुछ प्रमुख फोरलेन हाईवे को सिक्सलेन में तब्दील करने का प्रस्ताव भी दिया है।