PATNA:बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद बीजेपी के नेता सम्राट चौधरी ने बुधवार को राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने लोकभवन के राजेंद्र मंडपम में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी इस पद पर आसीन होने वाले, भाजपा के पहले मुख्यमंत्री हैं।


बिहार के इतिहास में यह पहली बार हुआ जब बीजेपी के किसी नेता ने मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली है। बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को गुलदस्ता भेंट कर सीएम बनने की बधाई दी। विजय कुमार सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर सीएम से मुलाकात की तस्वीरें शेयर करते हुए इस बात की जानकारी दी। 


विजय कुमार सिन्हा ने ट्वीट करते हुए लिखा कि आज बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में दायित्व संभालने के उपरांत माननीय मुख्यमंत्री श्री @samrat4bjp जी से आत्मीय भेंट कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।बिहार में भारतीय जनता पार्टी से सम्बद्ध प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में उनका दायित्व ग्रहण करना एक ऐतिहासिक क्षण है । 


निस्संदेह यह पार्टी और विचार परिवार के कई पीढ़ियों के कार्यकर्ताओं के समर्पण, त्याग, तप और संघर्ष का सुखद परिणाम है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के मार्गदर्शन में, माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @NitinNabin जी, माननीय गृह मंत्री श्री @AmitShahजी सहित शीर्ष नेतृत्व के निर्देशन तथा NDA गठबंधन के सहयोगियों के साथ सामंजस्य से आपके नेतृत्व में बिहार विकास, सुशासन और समृद्धि की नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा। आपको सफल, जनकल्याणकारी कार्यकाल के लिए हार्दिक मंगलकामनाएं।