PATNA: ज्ञान बिन्दु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के समर्थन में पटना की सड़कों पर उतरे छात्रों ने शनिवार की शाम कैंडिल मार्च निकाला। पटना कॉलेज से करगिल चौक तक छात्र-छात्राओं ने कैंडल मार्च निकालकर खान ग्लोबल स्टडीज के मालिक खान सर के खिलाफ जमकर प्रदर्शन और नारेबाजी की। कैंडल मार्च में शामिल सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने फैजल खान पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की। 


छात्रों का कहना था कि रौशन आनंद सर ने कदमकुआं थाने में आवेदन दिया लेकिन अभी तक खान सर के खिलाफ FIR दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस खान सर के खिलाफ केस दर्ज करना नहीं चाहती है। छात्रों का कहना था कि मृतक प्रिंस यादव को न्याय मिलना ही चाहिए। छात्रों ने यह भी कहा कि इस पूरे प्रकरण को देखकर लगता है कि प्रशासन पैसा लेकर बिक चुका है। तभी तो खान सर अभी भी गिरफ्त से बाहर है और बेखौफ घूम रहा है। 


छात्रों ने कहा कि फैजल खान कहां है? मीडिया वालों से निवेदन हैं कि उनको पकड़कर लाईए। जितना वकील-पुलिस है सबको वो खरीद लिया है। उनकों पकड़कर लाइए तभी हमारे प्रिंस भईया को न्याय मिल पाएगा। फैजल खान झूठा टीचर है। यह कह छात्रों ने उनके खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाये। छात्रा ने कहा कि बिहार सरकार और बिहार पुलिस की नाकामी और खान सर की गलती के कारण प्रिंस भईया की जान चली गयी। पुलिस झूठा एफआईआर दर्ज नहीं करती तो प्रिंस भईया नेपाल नहीं जाते, गिरफ्तारी के डर से वो नेपाल गये और वहां उनकी संदिग्ध मौत हो गयी। 


छात्राओं का कहना था कि लगातार एक शिक्षक के साथ एक पक्षीय व्यवहार हो रहा है। एक को अरेस्ट कर लिया जाता है, और दूसरे की गिरफ्तारी तक नहीं हो रही है। आज खान सर की गलती वजह से प्रिंस यादव की जान चली गयी। इनकों प्रशासन का संरक्षण प्राप्त है, इसलिए गिरफ्तारी नहीं हो रही है। प्रिंस भईया को न्याय दिलाने के लिए आज हम सड़क पर उतरे हैं। जब तक प्रिंस भईया को न्याय नहीं मिल जाता तब तक हम आंदोलन जारी रखेंगे। सत्ता में बैठे लोग जो खान सर का सपोर्ट कर रहे हैं, आने वाले समय में हम उनकी मुश्किलें बढ़ाने वाले है।