PATNA: युवा चेतना के प्रमुख रोहित सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और तेजस्वी यादव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने तेजस्वी यादव के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि लालू प्रसाद यादव का अपनी बेटी रोहिणी आचार्य को पटना एयरपोर्ट पर रिसीव करना राजनीतिक तौर पर एक बड़ा संदेश है।
रोहित सिंह ने कहा कि वो RJD के नेताओं और कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हैं। उनके मुताबिक, तेजस्वी यादव को जिस नेतृत्व के रूप में लालू प्रसाद यादव ने आगे बढ़ाया था, अब उसी नेतृत्व को लेकर पार्टी के भीतर नई स्थिति दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा, "तेजस्वी यादव के नेतृत्व में अब राष्ट्रीय जनता दल आगे नहीं बढ़ेगा।" रोहित सिंह ने दावा किया कि लालू प्रसाद यादव द्वारा रोहिणी आचार्य को एयरपोर्ट पर रिसीव किए जाने से यह संकेत मिलता है कि पार्टी में नेतृत्व को लेकर बदलाव की दिशा बन रही है।
जेपी के नाम वाले एयरपोर्ट का किया जिक्र
रोहित सिंह ने अपने बयान में लोकनायक जयप्रकाश नारायण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण परिवारवाद की राजनीति के खिलाफ आंदोलन के प्रमुख चेहरों में थे और लालू प्रसाद यादव भी छात्र जीवन में उस आंदोलन से जुड़े थे। उन्होंने कहा कि आज उसी लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नाम पर बने पटना एयरपोर्ट पर लालू प्रसाद यादव का अपनी बेटी रोहिणी आचार्य को रिसीव करना राजनीतिक रूप से चर्चा का विषय बना हुआ है।
तेजस्वी यादव को लेकर कही ये बात
रोहित सिंह ने तेजस्वी यादव को संबोधित करते हुए कहा कि अब उनके परिवार में एक नया व्यक्ति जिम्मेदारी के निर्वहन के लिए आगे आ चुका है। उन्होंने बिहार के युवाओं और विद्यार्थियों से परिवारवाद की राजनीति के खिलाफ आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार संघर्ष और लोकतांत्रिक आंदोलनों की धरती रही है। रोहित सिंह ने दावा किया कि बिहार के युवा और आम लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य की तरक्की और देश की प्रगति के लिए खड़े हैं।
रोहिणी आचार्य आज पहुंचीं पटना
बता दें कि रोहिणी आचार्य गुरुवार, 1 अक्टूबर 2026 को पटना पहुंचीं। एयरपोर्ट पर लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी ने उन्हें रिसीव किया। रोहिणी आचार्य ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह अपने माता-पिता से मिलने आई हैं और उनके पटना आने को राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। इससे पहले 29 सितंबर को रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर अपने पिता लालू प्रसाद यादव के साथ तस्वीरें साझा करते हुए कहा था कि वह जल्द अपने पिता के पास आकर बेटी का फर्ज निभाएंगी। वहीं, जनवरी 2026 में तेजस्वी यादव को RJD का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने की रिपोर्ट सामने आई थी।
रोहित ने कहा है की राष्ट्रीय जनता दल के नेताओं को कार्यकर्ताओं को मैं हृदय से बधाई और शुभकामना देता हूँ। आपका जो नेतृत्व था जिसको लालू प्रसाद जी ने प्रस्तावित किया था, श्रीमान तेजस्वी प्रसाद यादव, आज उनका रिजेक्शन सर्टिफिकेट आदरणीय लालू प्रसाद जी ने स्वयं पटना के ऐतिहासिक लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी के हवाई अड्डे पर जाकर प्रमाणित कर दिया है, अटेस्ट कर दिया है अपनी छोटी सुपुत्री और राष्ट्रीय जनता दल की अभिषेकी राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय रोहिणी जी को रिसीव करके आदरणीय राबड़ी जी के साथ और हमसबों की बड़ी बहन आदरणीय डॉक्टर मीसा भारती जी के साथ प्रमाणित कर दिया, अटेस्ट कर दिया कि तेजस्वी यादव जी के लीडरशिप में अब राष्ट्रीय जनता दल आगे नहीं बढ़ेगा।
लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी, जिन्होंने परिवारवाद की राजनीति के खिलाफ हल्ला बोल किया, इंकलाब जिंदाबाद किया, इंदिरा गांधी की सरकार को चैलेंज किया, लालू प्रसाद यादव उस आंदोलन में एक विद्यार्थी के रूप में शामिल हुए। आज उनके नाम पर बने हवाई अड्डे पर अपने परिवार की नई विरासत को नए हाथ में सौंपने का प्रमाण उन्होंने दे दिया है। अभिनंदन है लालू प्रसाद यादव के इस परिवारवादी राजनीति का और मैं तेजस्वी यादव जी को कहना चाहता हूँ, तेजस्वी जी आपका तो वक्त भी मरता जा रहा है। अब आपके परिवार में एक नया व्यक्ति आपकी जिम्मेवारी के निर्वहन के लिए आगे आ चुका है। बिहार की जनता और बिहार में परिवारवादी राजनीति के विरुद्ध काम करने वाले नौजवानों से, विद्यार्थियों से मैं स्पष्ट रूप से यह आग्रह पूर्वक अपील करता हूँ।
बिहार संघर्ष की धरती है, बिहार क्रांति की धरती है, बिहार शांति की धरती है, बिहार विश्व का पहला लोकतंत्र है। आदरणीय लालू प्रसाद यादव जी के इस परिवारवादी राजनीति से बिहार ने मुक्ति का संकल्प लिया है, आगे भी इस मुक्ति के संकल्प को चरितार्थ करते रहना है। बिहार में जो आम नौजवान है, जो आम विद्यार्थी है, जो आम लोग हैं, वो पुनः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में और मजबूती के साथ खड़े हैं बिहार की तरक्की के लिए, देश के प्रगति के लिए। तेजस्वी जी, क्या कहें अब आप के लिए।