Patna News: राजधानी पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के खोजाइमली इलाके में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चाय बेचने वाली महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान खोजाइमली निवासी सुनीता देवी (45), पति संत लाल साहनी के रूप में हुई है। वह रोज की तरह सुबह अपनी चाय की दुकान पर मौजूद थीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे सुधा डेयरी के पास एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। आरोप है कि टक्कर के बाद चालक ने गाड़ी से भागने की कोशिश में महिला पर दोबारा और फिर तीसरी बार वाहन चढ़ा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पड़ोसियों ने बताया कि पहली टक्कर में महिला का पैर बुरी तरह कुचल गया था। इसके बाद चालक ने आगे-पीछे करते हुए उन्हें और कुचल दिया, जिससे वह बेहोश हो गईं और उनकी हालत नाजुक हो गई।
परिजनों के अनुसार, घायल अवस्था में सुनीता देवी को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतका की बेटी अंजलि ने बताया कि उनकी मां परिवार की आर्थिक मदद के लिए चाय बेचती थीं और अब उनके जाने से पूरा परिवार टूट गया है।
आरोपी चालक की पहचान प्रद्युम्न कुमार (25) के रूप में हुई है, जिसे गाड़ी सहित गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में वह नशे की हालत में पाया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।