PATNA: राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के वरिष्ठ प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे की घोषणा करते हुए उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि समर्पित एवं निष्ठावान कार्यकर्ताओं का अब पार्टी में सम्मान नहीं रह गया है।


मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल और अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में अपनी बात रखी थी, लेकिन उनकी शिकायतों पर किसी ने गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी उनकी बातों का संज्ञान नहीं लिया।


उन्होंने कहा, "अपमानित होकर कोई भी व्यक्ति राजनीति नहीं कर सकता। हमने पार्टी के कठिन दौर में भी आरजेडी का साथ दिया। लालू प्रसाद यादव ने मुझ पर भरोसा जताते हुए प्रवक्ता और मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी थी। मैंने पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया और पार्टी की नीतियों को मजबूती से जनता के बीच रखा।"


मृत्युंजय तिवारी ने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर कुछ ऐसे लोग सक्रिय हैं, जिन्होंने संगठन को अंदर से कमजोर कर दिया है। उन्होंने कहा, "कुछ लोगों ने दीमक की तरह पार्टी को खोखला कर दिया है और आज तेजस्वी यादव उन्हीं लोगों से घिरे हुए हैं। ऐसे माहौल में हमारे जैसे समर्पित कार्यकर्ताओं के लिए पार्टी में बने रहना उचित नहीं है।" उन्होंने अंत में कहा कि इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल के सभी पदों से अपना इस्तीफा दे दिया है।