PATNA:बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और राजद के पूर्व विधायक बागी कुमार वर्मा का 77 वर्ष की आयु में दिल्ली एम्स में मंगलवार को निधन हो गया। इस घटना से जहानाबाद और अरवल जिले में शोक की लहर दौड़ गई। उनके पार्थिव शरीर को आज आरजेडी कार्यालय में लाया गया। जहां राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव सहित अन्य नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। 


आरजेडी कार्यालय में जैसे ही उनके पार्थिव शरीर को लाया गया। वहां मौजूद आरजेडी नेता और कार्यकर्ता के चेहरे गमगीन हो गये। नम आंखों से सभी ने दिवंगत नेता बागी कुमार वर्मा को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। राजद के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव, प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल, अब्दुल बारी सिद्दीकी सहित तमाम आरजेडी नेताओं ने पार्थिव शरीर पर माला चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। 


इस दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि बागी वर्मा जी हमारे पार्टी के ईमानदार नेता थे। इस दुख के घड़ी में हम उनके परिवार के साथ हैं। बागी वर्मा जी समाजवादी नेता तो थे ही और उनके  और उनके परिवार के साथ हम लोगों का बहुत अच्छा सम्बन्ध था। तेजस्वी यादव ने कहा कि राजद से पूर्व विधायक व बिहार के पूर्व मंत्री श्री बागी कुमार वर्मा जी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करता हूं। सरल व सहज व्यक्तित्त्व के धनी श्री वर्मा एक संघर्षशील, समर्पित और प्रतिबद्ध राजनेता थे। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को धैर्य और साहस प्रदान करने की प्रार्थना करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ।


वही बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि पूर्व मंत्री, बिहार सरकार एवं वरिष्ठ नेता श्री बागी कुमार वर्मा जी के निधन की खबर अत्यंत ही दुखद है। उनके देहावसान से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें और शोक-संतप्त परिवार एवं समर्थकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!


बता दें कि बागी कुमार वर्मा जिले के मखदुमपुर प्रखंड के झमन बिगहा गांव के रहने वाले थे। लंबे समय से बीमार बागी जी पिछले कुछ महीनों से  दिल्ली एम्स में इलाजरत थे। दिल्ली एम्स में उन्होंने 11 मई को अंतिम सांस ली। उनके निधन से परिजन काफी सदमें में हैं। बागी कुमार मखदुमपुर विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 1995 से 2005 तक राजद विधायक रहे। राष्ट्रीय जनता दल सरकार में खाद एवं आपूर्ति विभाग के राज्य मंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाली थी। वर्ष 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने RJD के टिकट पर अरवल जिले के कुर्था विधानसभा क्षेत्र से जीत दर्ज की थी।

पटना से सिद्धि कुमारी की रिपोर्ट