PATNA: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से एक साल तक गोल्ड नहीं खरीदने, पेट्रोल और डीज़ल की खपत कम करने, मेट्रो और पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने, एक साल तक विदेश यात्रा से बचने, खाने के तेल का कम इस्तेमाल करने, घर से काम करने और किसानों से रासायनिक खाद का इस्तेमाल 50 फ़ीसदी तक कम करने की अपील की है। विपक्षी पार्टियां उनके इस अपील का विरोध कर रही है। मुकेश सहनी की पार्टी विकासशील इंसान पार्टी के कार्यकर्ता जहां बाइक रैली निकालकर पीएम मोदी की डीजल, पेट्रोल बचाने की अपील का विरोध जताया। वही राष्ट्रीय जनता दल भी पीएम मोदी के इस अपील पर तंज कसने का काम कर रही है। 


‎RJD के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील पर चुटकी लेते हुए कहा कि चार दिन में दिव्य ज्ञान खुला है इनको..तीन महीना से ऊपर से यह संकट है। उन्होंने कहा कि विदेशी करेंसी पर ये जो पांच राज्यों के चुनाव में गुलछड़ा उड़ा रहे थे। बड़े-बड़े काफिले लेकर चल रहे थे, बड़ी-बड़ी रैलियां कर रहे थे, जहाज और हेलिकॉप्टर से उड़ रहे थे, हवा और जमीन पर फ्यूल बहा रहे थे। उस समय दिव्य ज्ञान नहीं खुला।


शक्ति सिंह ने आगे कहा कि मार्च में ही आगाह किया गया था कि देश में घनघोर आर्थिक संकट आने वाला है। काला साया दिख रहा है लेकिन प्रधानमंत्री ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। चुनाव के बाद मेगा शो हर जगह कर रहे थे। बिहार में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का शपथ तो पहले ही हो गया था। मंत्रिमंडल विस्तार में प्रधानमंत्री का आना और गांधी मैदान में मेगा शो करने का क्या मतलब था। शक्ति सिंह ने चुटकी लेते हुए कहा कि अपना काम बनता भार में जाए जनता.. आज जो दिव्य ज्ञान खुली है यह पहले क्यों नहीं खुली। 


शक्ति सिंह ने कहा विदेश नीति आपकी इतनी लचर हो गयी है कि आने वाले संकट को भी आप नहीं भाप पाते हैं। यह नकारापन है। गृह मंत्री अमित शाह के बारे में पूरी बीजेपी पार्टी एक सूर से कहती हैं कि वो क्राइसेस मैनेजमेंट गुरू हैं। इतना ही भाजपा को गुमान है तो मेरी एक सलाह है कि अमित शाह को ही प्रधानमंत्री बना दें, क्राइसिस से देश को उबार देंगे और पीएम मोदी को छुट्टी दे दीजिए। 


राजद नेता ने कहा कि पीएम मोदी देशवासियों से कहते हैं कि छुट्टी मत मनाओ लेकिन वो खुद छुट्टी मनाने ठंडा प्रदेश में निकल गये हैं। उपदेश देने चले हैं पहले अपना सुधार तो कर लीजिए। शक्ति सिंह ने सम्राट कैबिनेट की बैठक को लेकर कहा कि 90 और 100 गो गाड़ी सचिवालय में कैबिनेट की बैठक में 32 गो मंत्री लेकर पहुंचे थे। जबकि पीएम मोदी तेल बचाने की बात कर रहे हैं। 


उनकी अपील को बिहार के मंत्रियों ने अनसुना किया। देश में घनघोर आर्थिक संकट का काला साया दिख रहा है। जब पूरी भाजपा कहती है कि हर क्राइसिस से निकालने वाले मैनेजमेंट गुरु का नाम अमित शाह है तो इनको प्रधानमंत्री बना देना चाहिए। शायद ये संकट से निकाल देंगे। मोदी जी, अमित शाह के सहारे चलते हैं इनको पीएम बनाने में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए. 


शक्ति सिंह ने आगे कहा कि आप कोरोनाकाल में थाली बजबाये इसका क्या नतीजा निकला? मानसिक गुलामी के जंजीर में जकड़ने की तैयारी है। ये देश के अंदर में लॉकडाउन की स्थिति उत्पन्न करना चाह रहे हैं। हम तो आगाह करना चाहते है। होशियार हो जाइए परिस्थितियां ठीक नहीं है। उधर चीन और अमेरिका के बीच में नजदिकियां बढ़ रही है। आने वाले समय में ना जाने कौन सी स्थिति उत्पन्न होगी। लेकिन देश हमारा सर्वोपरि है, हम राष्ट्रवादी है. राष्ट्र इमान से चलता है, श्रद्धा- जज्बा- समर्पण और इमानदारी से चलता है। चंद्रशेखर भगत सिंह ने इस दिन के लिए कु्र्बानियां नहीं दी थी कि आज देश को इस हालात से गुजरना पड़े।