Ramgarh Road Accident: झारखंड के रामगढ़ में हुए भीषण सड़क हादसे में बिहार के नालंदा जिले के एक ही गांव के 13 लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस दुख की घड़ी में बिहार सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
जानकारी के अनुसार, नालंदा जिले के जंघारो गांव के रहने वाले सभी लोग झारखंड के रामगढ़ स्थित प्रसिद्ध मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। इसी दौरान शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात करीब दो बजे रामगढ़ जिले के कुजू थाना क्षेत्र के पैंकी इलाके में NH-33 पर दो वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि 13 लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि सभी लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर मंदिर दर्शन के लिए निकले थे। हादसे में जान गंवाने वालों में चार बच्चे, चार महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद CM सम्राट चौधरी ने जताया शोक
रामगढ़ में हुए इस हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा कि झारखंड के रामगढ़ में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में बिहार के नालंदा जिले के 13 लोगों की असामयिक मृत्यु की खबर अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है।
मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस अपार दुख की घड़ी में बिहार सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति और परिजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
सीएम सम्राट चौधरी ने हादसे में घायल व्यक्ति के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है।
एक गांव के कई परिवारों में पसरा मातम
एक ही गांव के 13 लोगों की मौत की खबर से नालंदा के जंघारो गांव में मातम पसरा हुआ है। जिन परिवारों के सदस्य मां छिन्नमस्तिका के दर्शन के लिए घर से निकले थे, वहां अब अपनों की मौत से कोहराम मचा हुआ है। इस हादसे ने कई परिवारों को एक साथ गहरे सदमे में डाल दिया है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना कैसे हुई और किन परिस्थितियों में इतनी बड़ी संख्या में लोगों की जान गई, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।