Bihar News : बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री ने 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने की प्रक्रिया के बीच भवन निर्माण विभाग से एक अहम जानकारी मांगी है। राबड़ी देवी की ओर से विभाग को पत्र भेजकर आवास में उपलब्ध सरकारी सामानों की पूरी सूची और चार्ज रजिस्टर की कॉपी उपलब्ध कराने को कहा गया है।


पत्र में कहा गया है कि आवास खाली करते समय सरकारी सामानों का सही तरीके से मिलान किया जा सके, ताकि भविष्य में किसी तरह का विवाद या भ्रम की स्थिति पैदा न हो। राबड़ी देवी की ओर से यह कदम इसलिए उठाया गया है, जिससे बंगला खाली करने के दौरान सरकारी सामानों को लेकर कोई आरोप-प्रत्यारोप की स्थिति नहीं बने।


सामानों के मिलान के लिए मांगी सूची

राबड़ी देवी के सहायक की ओर से भेजे गए पत्र में भवन निर्माण विभाग से कहा गया है कि आवास में उपलब्ध सभी सरकारी वस्तुओं की सूची उपलब्ध कराई जाए। इसमें फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य सरकारी सुविधाओं से जुड़ी वस्तुओं का विवरण मांगा गया है।


सूची मिलने के बाद शिफ्टिंग के दौरान सभी सामानों का मिलान किया जाएगा। इससे यह स्पष्ट रहेगा कि सरकारी संपत्ति पूरी तरह सुरक्षित तरीके से विभाग को वापस कर दी गई है।


29 जून तक खाली करना है 10 सर्कुलर रोड आवास

बता दें कि भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने के लिए अंतिम नोटिस जारी किया है। विभाग की ओर से 29 जून तक बंगला खाली करने का निर्देश दिया गया है।


विभाग का कहना है कि इससे पहले भी कई बार आवास खाली करने के लिए पत्र भेजे गए थे। अब अंतिम नोटिस के बाद भी अगर तय समय सीमा में आवास खाली नहीं किया गया तो बिहार सरकारी परिसर अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा सकती है।


नए आवास में शिफ्टिंग की तैयारी तेज

राबड़ी देवी और  परिवार के लिए 39 हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास तैयार किया जा रहा है। इसी वजह से 10 सर्कुलर रोड स्थित पुराने आवास से सामान पैक करने की प्रक्रिया तेज हो गई है।


शुक्रवार को पुराने आवास से सीसीटीवी कैमरे हटाए गए और सामान ले जाने के लिए पैकिंग का काम भी शुरू किया गया। हालांकि नए आवास में शिफ्टिंग की आधिकारिक तारीख अभी सामने नहीं आई है।


नए बंगले के रंग को लेकर भी चर्चा

39 हार्डिंग रोड स्थित नए सरकारी आवास में पेंटिंग का काम चल रहा है। बताया जा रहा है कि पहले यह बंगला भगवा रंग में था, जिसे अब हरे रंग में बदला जा रहा है। हरा रंग  की राजनीतिक पहचान से भी जुड़ा हुआ है।


इसी वजह से बंगले के रंग परिवर्तन को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है। हालांकि इसे सामान्य पेंटिंग प्रक्रिया भी बताया जा रहा है।


नए आवंटी को नहीं मिला कब्जा

सरकार ने 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास का आवंटन नए लाभार्थी के नाम कर दिया है, लेकिन पुराने आवास के खाली नहीं होने के कारण नए आवंटी को अभी तक कब्जा नहीं मिल पाया है।


अब सभी की नजर 29 जून पर है, जब तक राबड़ी देवी को आवास खाली करने का समय दिया गया है। इस बीच सामानों की सूची मांगने के कदम को विवाद से बचने की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।