Bihar News : बिहार के पूर्णिया जिले में घरेलू विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। केहाट थाना क्षेत्र के रेणु नगर में रविवार रात करीब 8:30 बजे एक महिला शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप उसके बैंककर्मी पति राजकुमार यादव पर लगा है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद राजकुमार ने अपनी पत्नी के सीने में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतका की पहचान 36 वर्षीय शालिनी कुमारी के रूप में हुई है। शालिनी श्रीनगर प्रखंड के एक प्लस टू स्कूल में शिक्षिका थीं। वह अपने पति राजकुमार यादव और दो बेटों के साथ पूर्णिया के कॉलेज रोड स्थित रेणु नगर में किराए के मकान में रहती थीं। मूल रूप से वह अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र के विशनपुर गांव की रहने वाली थीं।

बेटे ने फोन कर दी मामा को मां को गोली मारने की सूचना

घटना की जानकारी सबसे पहले परिवार के लोगों को मृतका के बड़े बेटे के फोन से मिली। पूर्णिया कोर्ट स्टेशन रोड निवासी गौरीशंकर के अनुसार, शालिनी उनकी भांजी थीं। उन्होंने बताया कि रविवार देर शाम शालिनी के बड़े बेटे ने फोन कर कहा कि मम्मी-पापा के बीच झगड़ा हुआ है और पापा ने मम्मी को गोली मार दी है। गोली मारने के बाद पापा घर से फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही परिजन आनन-फानन में रेणु नगर स्थित घर पहुंचे। वहां शालिनी कमरे में गिरी हुई थीं। परिजनों के अनुसार, उनके सीने में गोली लगी थी। इसी दौरान मृतका के बेटे ने घर के डस्टबिन से एक खोखा निकालकर परिजनों को दिया।

परिजन तत्काल शालिनी को इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। दो छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाने से हर कोई स्तब्ध है।

पुलिस ने शुरू की आरोपी पति की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही केहाट थानाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ परिजनों से पूछताछ की। पुलिस अब हत्या के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। सदर वन एसडीपीओ अभिनव पराशर ने बताया कि घर के अंदर एक महिला की हत्या हुई है। हत्या का आरोप उसके पति पर लगाया जा रहा है। आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

2014 में हुई थी शादी, दो बेटों की मां थीं शालिनी

परिजनों के मुताबिक शालिनी और राजकुमार की शादी वर्ष 2014 में हुई थी। उनके दो बेटे हैं, जिनकी उम्र करीब चार और नौ वर्ष बताई जा रही है। परिवार वालों का कहना है कि पहले पति-पत्नी के बीच इस तरह का कोई गंभीर विवाद सामने नहीं आया था। ऐसे में अचानक पति पर पत्नी की हत्या का आरोप लगने से परिवार और आसपास के लोग भी हैरान हैं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर रविवार रात ऐसा क्या हुआ कि घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटनास्थल से मिले खोखे समेत अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के पीछे की पूरी वजह सामने आने की उम्मीद है।

घरेलू विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई को पीटा

पूर्णिया में इसी दौरान घरेलू विवाद की एक दूसरी घटना भी सामने आई है। यहां बड़े भाई ने छोटे भाई के साथ मारपीट कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान लालगंज बलराम मंडल के रूप में हुई है।

परिजन घायल को इलाज के लिए जीएमसीएच लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजनों ने उसे कसबा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।