PATNA: बिहार में पुलिस की वर्दी पहन कर भी रील्स बनाने के शौकीन पुलिसकर्मियों पर गाज गिरनी शुरू हो गई है. पूर्णिया में थानेदार की कुर्सी पर बैठ कर ताबड़तोड़ रील्स बना रही दरोगा शबाना आजमी को सस्पेंड कर दिया गया है. पुलिस मुख्यालय ने ऐसे और 50 वर्दीधारियों की पहचान कर ली है, जो रील्स बनाने में माहिर हैं. उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है.
पूर्णिया की रील्सबाज थानेदार पर कार्रवाई
खाकी वर्दी पहन कर रील और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाली पूर्णिया की महिला थाना प्रभारी पर पहली गाज गिरी है. पूर्णिया की एसपी स्वीटी सहरावत ने महिला थाना प्रभारी शबाना आजमी को निलंबित कर दिया है. शुरुआत शबाना आजमी से हुई है लेकिन कई और पर कार्रवाई होनी तय है. पुलिस में सोशल मीडिया के बेजा इस्तेमाल को लेकर सख्ती और तेज हो गई है।
थानेदारी से ज्यादा प्यारा था रील और वीडियो
बता दें कि पुलिस मुख्यालय ने साफ साफ आदेश दे रखा है कि पुलिसकर्मी वर्दी का गलत इस्तेमाल न करें. वे वर्दी में ऐसे वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं करें जिससे बिहार पुलिस की छवि खराब हो. लेकिन पूर्णिया में तैनात थानेदार शबाना आजमी पर इसका कोई असर नहीं पड़ा.
वर्दी पहन कर करती थी डांस
शबाना आजमी फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब सहित तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काफी सक्रिय रहती थीं। वह लगातार फिल्मी गानों पर रील बना रही थीं और पुलिस से जुड़े काम काज के वीडियो, रील और तस्वीरें भी इंटरनेट मीडिया पर साझा कर रही थीं. ज्यादातर वीडियो और रील में शबाना आजमी पुलिस की वर्दी में नजर आती थीं और उनके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होते रहे थे।
हद तो ये कि शबाना आजमी पुलिस की वादी पहन फिल्मी गानों पर ठुमके लगाने का वीडियो भी बना रही थी. उनके डांस का भी कई वीडियो और रील वायरल हुआ है. सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जा रहे उनके वीडियो को लेकर पुलिस महकमे में लगातार चर्चा हो रही थी.
शबाना आजमी ने पहले भी फैलाया था फसाद
महिला थाना प्रभारी शबाना आजमी इससे पहले भी सोशल मीडिया पर अपनी हरकतों को लेकर सुर्खियों में रही हैं। 6-7 महीने पहले वह पूर्णिया के फणीश्वर नाथ रेणु टीओपी की प्रभारी थीं. उस दौरान शबाना आजमी ने अपने पिता और रिश्तेदारों की थानेदार की कुर्सी पर बैठाकर तस्वीर और वीडियो बनाया था और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था.
शबाना आजमी की यह करतूत सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थीं। उस समय मामला काफी चर्चा में आया था और तत्कालीन DIG ने कार्रवाई की चेतावानी दी थी. लेकिन शबाना आजमी अपने जुगाड के सहारे बच निकली और बाद में मामला शांत पड़ गया था.
वायरल थानेदार बन गई थी शबाना
पुलिस की वर्दी में शबाना आजमी के रील और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल होते थे। वर्दी में सोशल मीडिया पर उनकी सक्रियता को लेकर पुलिस महकमे में लगातार सवाल उठते रहे थे. इसके बावजूद वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार एक्टिव बनी रही.
पुलिस मुख्यालय का आदेश नहीं माना
बिहार के पुलिस मुख्यालय की ओर से कई बार स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि कोई भी पुलिसकर्मी वर्दी में रील, वीडियो या व्यक्तिगत सोशल मीडिया कंटेंट पोस्ट नहीं करेगा. यहां तक कि डीजीपी विनय कुमार ने खुद कई बार चेतावनी थी कि पुलिस की वर्दी में किसी भी प्रकार की सोशल मीडिया गतिविधि नियमों के खिलाफ है और इससे विभाग की छवि प्रभावित होती है।
50 पुलिसकर्मियों की पर होगी कार्रवाई
रील और वीडियो बनाने के फेरे में फंसने वाली शबाना आजमी अकेली पुलिसकर्मी नहीं है. बिहार पुलिस मुख्यालय के सहायक पुलिस महानिरीक्षक (कल्याण) द्वारा ने राज्य के करीब 50 पुलिसकर्मियों की सूची जारी की है, जो वर्दी में रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं. पुलिस मुख्यालय ने सारे एसपी को ये सूची भेज कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. इसके बाद कई जिलों में कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस मुख्यालय लगातार कर रहा था निगरानी
बिहार पुलिस मुख्यालय की इंटरनेट मीडिया सेंटर लगातार पुलिसकर्मियों की मॉनिटरिंग कर रहा है. इसमें यह पाया गया है कि कई पुलिसकर्मी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का उल्लंघन करते हुए वर्दी में रील और वीडियो पोस्ट कर रहे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए विभाग ने स्पष्ट किया है कि अब किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
ब्यूरो रिपोर्ट, फर्स्ट बिहार-झारखंड..