PATNA: भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को बड़ी सफलता मिली है। ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (BSEIDC) के पूर्णिया जिला के कार्यपालक अभियंता द्विजेन्द्र कुमार मिश्र को 1,04,000 रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया है।
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, आरोपी को गुरुवार, 3 सितंबर 2026 को पटना के बेली रोड स्थित नेहरू पथ पर पटना जू के पास गोल्फ क्लब के गेट के बगल से रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में निगरानी थाना में कांड संख्या 104/26, दिनांक 2 सितंबर 2026 को दर्ज किया गया था।
निगरानी ब्यूरो ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस बात की जानकारी दी। यह बताया कि ब्यूरो की मुख्यालय टीम के द्वारा आज दिनांक 03.09.2026 को निगरानी थाना कांड सं0-104/26, दिनांक 02.09.2026 में प्राथमिकी अभियुक्त- द्विजेन्द्र कुमार मिश्र, कार्यपालक अभियंता, बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (B.S.E.I.D.C.L.), जिला पूर्णियाँ को 1,04,000/- (एक लाख चार हजार) रूपये रिश्वत लेते हुए बेली रोड, नेहरु पथ, पटना ZOO के पास गोल्फ क्लब के गेट के बगल से गिरफ्तार किया गया है।
निगरानी ने बताया कि परिवादी राम सागर शर्मा, पिता स्व० रामकौशल किशोर शर्मा, थाना- कंकड़बाग, जिला- पटना द्वारा निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराया गया था कि इनके द्वारा बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड अन्तर्गत जिला-कटिहार में सरकारी विद्यालय में निर्माण संबंधित कार्य कराया गया था, इस कार्य का प्रथम भुगतान 1,54,19,329/- रु० इनके खाते में आ चुका है। इसी भुगतान हुए राशि का 2% कमीशन के रूप में आरोपी (जो कार्यपालक अभियंता है) के द्वारा 3,00,000/- रु० रिश्वत की माँग की जा रही है।
ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा 1,04,000/- रु० रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम द्रष्टया आरोप सही पाये जाने के पश्चात् उपरोक्त कांड अंकित कर अनुसंधानकर्ता श्रीमती अणु प्रिया, पुलिस निरीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के अनुरोध पर विकाश कुमार श्रीवास्तव, पुलिस उपाधीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया। धावादल द्वारा कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त द्विजेन्द्र कुमार मिश्र, कार्यपालक अभियंता, बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (B.S.E.I.D.C.L.), जिला पूर्णियाँ को 1,04,000/- (एक लाख चार हजार) रूपये रिश्वत लेते हुए
बेली रोड, नेहरु पथ, पटना ZOO के पास गोल्फ क्लब के गेट के बगल से गिरफ्तार किया गया है। प्राप्त सूचनानुसार ये वर्ष 2021 में कार्यपालक अभियंता के पद से जल संसाधन विभाग से सेवा निवृत्त हुए है और वर्ष 2023 से शिक्षा विभाग में techno facility and management services जो out sourcing agency के माध्यम से अपनी सेवा B.S.E.I.D.C.L. जिला पूर्णियाँ में कार्यपालक अभियंता के पद पर दे रहे हैं।
रूपसपुर, पटना स्थित लखन इन्क्लेभ अपार्टमेंट स्थित उनके आवास से अभी तक तलाशी के क्रम में निम्नलिखित सामान पाया गया है :-
8,36,000/- (आठ लाख छतीस हज़ार रुपया) रुपया अतिरिक्त नगद राशि ।
रूपसपुर, पटना स्थित एक फ्लैट के अलावे लगभग एक करोड़ रूपये के परिवारिक निवेश का कागजात ।
Hyundai i20 car
दो बैंक लॉकर का कागजात एवं सोना चाँदी के आभूषण बरामद किया गया है, जिसका अधिकृत मूल्यांकनकर्त्ता द्वारा मूल्यांकन किया जा रहा है। अग्रतर तलाशी एवं अनुसंधान की कार्रवाई की जा रही है। अभियुक्त से पूछताछ के उपरांत माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में उपस्थापित किया जायेगा।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना का वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के विरूद्ध यह 104वाँ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई है। जिसमें यह ट्रैप संबंधी 96वाँ कांड है, जिसमें कांड दर्ज कर अभी तक कुल 96 अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है तथा रिश्वत की कुल बरामद राशि 36,13,800/- (छतीस लाख तेरह हज़ार आठ सौ रूपये एवं एक नया वाशिंग मशीन (जिसकी कीमत 37,000 रूपये) जब्त की गयी है। पिछले वर्ष 2025 में कुल 101 ट्रैप कांड दर्ज किये गये थे एवं रिश्वत की राशि 37,80,300/- रुपये बरामद किये गये थे।
इस वर्ष 2026 में अभी तक प्रति माह अनुपातिक रूप से 11.8 ट्रैप के कांड दर्ज किए गए हैं, जबकि पिछले वर्ष 2025 में प्रति माह अनुपातिक रूप से 8.4 ट्रैप के कांड दर्ज किए गए थें जो कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष 40% अधिक है।निगरानी अन्वेषण ब्यूरो भ्रष्टाचार के विरूद्ध कार्रवाई करने के लिए संकल्पित है। यदि किसी लोक सेवक (सरकारी पदाधिकारी/कर्मी) के द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही हो तो ससमय शिकायत करें।