Bihar News: बिहार और महाराष्ट्र के बीच रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। बुधवार से पुणे और दानापुर के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन शुरू होने जा रहा है। इस नई ट्रेन के शुरू होने से दोनों राज्यों के बीच यात्रा पहले से अधिक आसान, तेज और सुविधाजनक हो जाएगी। ट्रेन को केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव पुणे के हडपसर रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
नई अमृत भारत एक्सप्रेस बिहार, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। खासकर रोजगार, शिक्षा, इलाज और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दूसरे राज्यों की यात्रा करने वाले छात्रों, युवाओं और प्रवासी श्रमिकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
पुणे से दानापुर तक 1748 किलोमीटर का सफर
पुणे-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस करीब 1748 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यह ट्रेन महाराष्ट्र और बिहार के बीच सीधा रेल संपर्क उपलब्ध कराएगी। इससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर विकल्प मिलेगा और अन्य ट्रेनों पर निर्भरता भी कम होगी।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 11431 पुणे-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को दोपहर 3:30 बजे पुणे से रवाना होगी और सोमवार सुबह 1:30 बजे दानापुर पहुंचेगी।
वहीं, ट्रेन संख्या 11432 दानापुर-पुणे अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार सुबह 3:30 बजे दानापुर से खुलेगी और मंगलवार सुबह 11:05 बजे पुणे पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
नई ट्रेन का ठहराव कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। इनमें दौंड कॉर्ड लाइन, अहिल्यानगर, बेलापुर, कोपरगांव, मनमाड, भुसावल, खंडवा, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा स्टेशन शामिल हैं।
इन स्टेशनों से जुड़े यात्रियों को भी इस ट्रेन का फायदा मिलेगा और बिहार-महाराष्ट्र के बीच आवागमन आसान होगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी ट्रेन
पुणे-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस को आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया गया है। यह ट्रेन 18 एलएचबी अमृत भारत कोच के साथ संचालित होगी। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसमें कई नई व्यवस्थाएं शामिल की गई हैं।
ट्रेन में रेलवे की अत्याधुनिक कवच सुरक्षा प्रणाली, एलईडी लाइटिंग, सीट और बर्थ पर मोबाइल चार्जिंग सुविधा, सीसीटीवी निगरानी, दिव्यांग यात्रियों के लिए अनुकूल शौचालय और पब्लिक एड्रेस सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
बिहार से बड़ी संख्या में लोग रोजगार और शिक्षा के लिए महाराष्ट्र जाते हैं। वहीं महाराष्ट्र में रहने वाले बिहार के लोगों के लिए भी यह ट्रेन सुविधाजनक साबित होगी। नई अमृत भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से यात्रियों को कम खर्च में बेहतर यात्रा सुविधा मिलने की उम्मीद है।
रेलवे का लक्ष्य देश के प्रमुख शहरों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का विस्तार किया जा रहा है। पुणे-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस भी इसी अभियान का हिस्सा है, जो चार राज्यों के यात्रियों को जोड़ने का काम करेगी।