PATNA: बांकीपुर से नवनिर्वाचित विधायक प्रशांत किशोर सोमवार को बिहार विधानसभा पहुंचे, जहां उन्होंने बांकीपुर विधायक के तौर पर पद और गोपनीयता की शपथ ली। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार सहित कई नेता मौजूद रहे। शपथ लेने के बाद प्रशांत किशोर ने मीडिया से बातचीत की।
विधायक बनने के बाद पहली बार मीडिया से रू-ब-रू हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि जिस सदन में भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर, श्रीकृष्ण बाबू, अनुग्रह नारायण सिंह, नीतीश कुमार, लालू प्रसाद यादव, केदार पांडेय, रामविलास पासवान और सुशील कुमार मोदी जैसे नेताओं ने सदस्य के तौर पर काम किया है, उस सदन का सदस्य बनना उनके लिए गौरव और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही यह उनके लिए एक बड़ी जिम्मेदारी भी है।
प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार और बिहार के समाज में बेहतरी के लिए अब उन्हें काम करना है। उन्होंने विधायक चुनने के लिए बांकीपुर की जनता का आभार जताया।
वहीं, बिहार के लखीसराय स्थित अशोकधाम में सावन की तीसरी सोमवारी के दिन हुई भगदड़ में 7 श्रद्धालुओं की मौत पर प्रशांत किशोर ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि कुछ ही देर में वह घटनास्थल के लिए रवाना होंगे। प्रशांत किशोर ने कहा कि पहले वह पूरी घटना की जानकारी लेंगे और उसके बाद ही इस मामले पर विस्तार से कुछ कह पाएंगे।
पटना से प्रेम राज की रिपोर्ट