Patna Zoo: पटना जू आने वाले पर्यटकों के लिए अगले सप्ताह से नया आकर्षण जुड़ने जा रहा है। दिल्ली जू से एनिमल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत लाए गए व्हाइट टाइगर को अगले सप्ताह से दर्शकों के लिए डिस्प्ले किया जाएगा। इसके साथ ही कई अन्य दुर्लभ वन्यजीवों को भी पटना जू में शामिल किया गया है।
दिल्ली जू से पटना जू में छह संघाई हिरण, चार व्हाइट ब्लैकबक, चार रोजी पेलिकन और चार पेंटेड स्टॉर्क भी लाए गए हैं। संघाई हिरणों में दो नर और चार मादा हैं, जबकि व्हाइट ब्लैकबक में दो नर और दो मादा शामिल हैं। इन नए वन्यजीवों के आने से जू की जैव विविधता और आकर्षण दोनों बढ़ेंगे।
इसके अलावा, रोहतक जू से दो ग्रीन इगुआना और दो सिल्वर फिजेंट भी पटना जू पहुंचे हैं। ग्रीन इगुआना को पहली बार पटना जू में देखा जा सकेगा, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण होगा। इनके लिए रेप्टाइल हाउस में 20×30 फीट का विशेष कांच का बाड़ा तैयार किया गया है।
इगुआना के बाड़े को उनके प्राकृतिक आवास की तरह विकसित किया गया है। इसमें मजबूत टहनियां, एक फाउंटेन, पत्थर और सूखी पत्तियां लगाई गई हैं, ताकि उन्हें प्राकृतिक वातावरण मिल सके। ग्रीन इगुआना मुख्य रूप से फल, सब्जियां, पत्तियां और कीड़े खाते हैं।
वहीं, पटना जू में गौर (भारतीय बाइसन) की संख्या बढ़ाने की भी तैयारी है। सेंट्रल जू अथॉरिटी की मंजूरी के बाद 25 जुलाई तक कर्नाटक के शिवमोगा जू से दो नर गौर लाए जाएंगे। फिलहाल पटना जू में केवल दो मादा गौर हैं। नर गौर आने के बाद इनके संरक्षण और प्रजनन कार्यक्रम को मजबूती मिलेगी।
शिवमोगा जू देश की पहली विशेष 'गौर सफारी' के रूप में विकसित किया गया है, जहां मैसूरु चिड़ियाघर से लाए गए भारतीय गौर रखे जाते हैं। अधिकारियों का मानना है कि नए वन्यजीवों के शामिल होने से पटना जू में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।