PATNA: बिहार की राजधानी पटना में रविवार को यूट्यूबर आर्यन केल्विन के कार्यक्रम के दौरान जमकर बवाल हुआ। मिलर स्कूल ग्राउंड में आयोजित इस कार्यक्रम में आर्यन को देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में युवा और यूट्यूबर पहुंचे थे। लेकिन आर्यन के कुछ देर रुकने के बाद वहां से निकलते ही भीड़ बेकाबू हो गई।


देखते ही देखते समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों पर पथराव करने लगे। इस घटना में कई पुलिस जवानों के घायल होने की खबर है।


बताया जा रहा है कि आर्यन केल्विन के कार्यक्रम को लेकर मिलर स्कूल ग्राउंड में बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। आर्यन अपनी गाड़ी से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और कुछ देर रुकने के बाद वहां से निकल गए। उनके जाते ही दर्शकों में नाराजगी फैल गई और हंगामा शुरू हो गया।


हालात बिगड़ने पर भीड़ ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया और उन पर पत्थर फेंके। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


इस दौरान आर्यन की गाड़ी को लेकर भी सवाल उठे। बताया गया कि उनकी गाड़ी पर नंबर प्लेट नहीं थी और कुछ समर्थक गाड़ी की छत पर सवार होकर जा रहे थे। गाड़ी मिलर स्कूल ग्राउंड से डाकबंगला चौराहे होते हुए फ्रेजर रोड की ओर निकली।


घटना को लेकर लॉ एंड ऑर्डर ASP कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज कराया जा रहा है।