Patna Traffic Route: राजधानी पटना में रविवार सुबह आयोजित होने वाली एसबीआई ग्रीन मैराथन को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। मैराथन के दौरान सुबह 4 बजे से 9 बजे तक निर्धारित मार्गों पर सामान्य वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। ऐसे में वाहन चालकों को बदली हुई ट्रैफिक व्यवस्था के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनानी होगी।




एसबीआई ग्रीन मैराथन की शुरुआत गांधी मैदान के गेट नंबर-1 से होगी। प्रतिभागी चिल्ड्रेन पार्क, जेपी गंगा पथ, एलसीटी घाट और दीघा गोलंबर होते हुए अटल पथ स्थित शिवपुरी तक पहुंचेंगे। इसके बाद यू-टर्न लेकर इसी मार्ग से वापस गांधी मैदान लौटेंगे। मैराथन के आयोजन को देखते हुए इस पूरे रूट पर यातायात नियंत्रित किया जाएगा, ताकि प्रतिभागियों की आवाजाही सुचारु रूप से हो सके।




यातायात पुलिस के अनुसार, मैराथन के दौरान जेपी गंगा पथ और अटल पथ के कुछ हिस्सों में सामान्य वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। जेपी गंगा पथ पर आयुक्त कार्यालय के सामने से दीघा गोलंबर तक दक्षिणी फ्लैंक में सभी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं अटल पथ पर दीघा गोलंबर से अटल पथ स्थित शिवपुरी तक पूर्वी फ्लैंक में सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। वाहन चालकों को इन प्रतिबंधों को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।




यातायात व्यवस्था के तहत आयुक्त कार्यालय के सामने से दीघा गोलंबर तक उत्तरी लेन में एकतरफा परिचालन होगा। इसी तरह दीघा गोलंबर से अटल पथ तक पश्चिमी लेन में वाहनों को एक दिशा में चलने की अनुमति रहेगी। इस दौरान वाहन चालकों को मौके पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करना होगा। निर्धारित मार्गों पर यातायात नियंत्रण के कारण वाहन चालकों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई है।




एसबीआई ग्रीन मैराथन में शामिल होने वाले प्रतिभागियों और मीडिया कर्मियों के वाहनों की पार्किंग गांधी मैदान के अंदर निर्धारित स्थल पर कराई जाएगी। आयोजन में शामिल होने वाले लोगों को पार्किंग के लिए तय निर्देशों का पालन करना होगा, ताकि आयोजन स्थल के आसपास यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।




यातायात पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे रविवार सुबह 4 बजे से 9 बजे के बीच निर्धारित मार्गों पर लागू प्रतिबंधों को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं। जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।