PATNA: पटना शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर आयुक्त राजेश कुमार ने उम्मीदवारों को आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। मतदान 23 अक्टूबर 2026 को होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को निर्धारित है। 


पटना प्रमंडलीय आयुक्त-सह-निर्वाचन पदाधिकारी राजेश कुमार ने पटना शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवारों एवं उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं के साथ बैठक कर निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी उम्मीदवारों से आदर्श आचार संहिता का पालन करने और चुनाव प्रचार के दौरान किसी भी ऐसे कार्य से बचने को कहा, जिससे आचार संहिता का उल्लंघन हो।


उन्होंने सभी उम्मीदवारों को अपना निर्वाचन अभिकर्ता एवं मतदान अभिकर्ता  शीघ्र नियुक्त कर इसकी सूचना उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी मतदाता को किसी प्रकार का प्रलोभन देना अथवा अनुचित सुविधा उपलब्ध कराना स्वीकार्य नहीं है। इस पर निगरानी के लिए पटना, नालंदा एवं नवादा जिलों में फ्लाइंग स्क्वाड की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो निर्वाचन संबंधी गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।


आधिकारिक बैंगनी स्केच पेन से ही अंकित करनी होगी अधिमान्यता

बैठक में बताया कि मतदान कक्ष में पीठासीन पदाधिकारी द्वारा उपलब्ध कराए गए आधिकारिक बैंगनी रंग के स्केच पेन से ही मतदाता अपनी पसंद के अभ्यर्थी के पक्ष में अधिमान्यता अंकित करेंगे। किसी अन्य कलम से अधिमान्यता अंकित करने पर मतपत्र अमान्य हो सकता है। उन्होंने अभ्यर्थियों एवं उनके प्रतिनिधियों से इस संबंध में मतदाताओं को जागरूक करने की अपील की।


मतदान के दिन तीन वाहनों की अनुमति

मतदान के दिन उम्मीदवार, उनके निर्वाचन अभिकर्ता एवं कार्यकर्ताओं को मतदान केंद्रों के भ्रमण के लिए एक-एक, कुल तीन वाहनों की अनुमति होगी। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर विज्ञापन प्रसारित कराने से पहले अभ्यर्थियों को जिला स्तर पर कार्यरत मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति (MCMC) से अनुमति प्राप्त करनी होगी। पटना जिले में एमसीएमसी कोषांग समाहरणालय के तीसरे तल पर कार्यरत है।


निर्वाचन संबंधी गड़बड़ी की सूचना व्हाट्सएप पर दें

निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन अथवा अन्य निर्वाचन संबंधी शिकायतों की सूचना देने के लिए व्हाट्सएप नंबर 8114593939 जारी किया गया है। इस नंबर पर संबंधित घटनाओं के फोटो अथवा वीडियो क्लिप भेजे जा सकते हैं, ताकि प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।


भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए प्रेक्षकों की नियुक्ति की गई है। निर्वाचन संबंधी शिकायतों एवं गड़बड़ियों की जानकारी संबंधित प्रेक्षकों को भी दी जा सकती है।


पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: 

संतोष कुमार मल्ल — मोबाइल नंबर 8882134237

पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: 

बी. कार्तिकेय धनजी — मोबाइल नंबर 9810922727


23 अक्टूबर को मतदान, 27 अक्टूबर को मतगणना

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पटना शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान 23 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक होगा। मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8:00 बजे से बाँकीपुर गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में होगी।


 बैठक में आयुक्त के सचिव विनय कुमार ठाकुर, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रोशन अली, स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र  के अभ्यर्थी व उनके प्रतिनिधि उपस्थित थे।