Patna Sweets Shop Raid: त्योहारों का सीजन शुरू होते ही पटना में खाद्य संरक्षा विभाग ने मिठाई दुकानों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. राजधानी के कई नामी मिठाई प्रतिष्ठानों में जांच के दौरान खराब खाद्य सामग्री, अस्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई है. कार्रवाई के दौरान गोवर्धन स्वीट्स से 150 किलोग्राम खराब मिठाई और पनीर जब्त कर नष्ट कराया गया, जबकि संतोष स्वीट्स से 5.24 लाख रुपये मूल्य का मिल्क केक और पेड़ा जब्त किया गया है.
खाद्य संरक्षा विभाग की यह कार्रवाई त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण मिठाई उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की जा रही है. विभाग की टीम ने मिठाई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों में पहुंचकर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, भंडारण, साफ-सफाई, पैकिंग और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की.
गोवर्धन स्वीट्स में मिली खराब मिठाई और पनीर
हनुमान नगर, कंकड़बाग स्थित गोवर्धन स्वीट्स में निरीक्षण के दौरान खराब और दुर्गंध वाली मिठाई तथा पनीर पाया गया. विभाग ने कार्रवाई करते हुए 120 किलोग्राम छेना मिठाई, 20 किलोग्राम गुड़ मिठाई, 10 किलोग्राम मिक्स्ड मिठाई और 20 किलोग्राम पनीर जब्त कर नष्ट करा दिया. जब्त छेना मिठाई और पनीर की कीमत करीब 41 हजार रुपये बताई गई है.
प्रतिष्ठान से खोआ और पनीर के नमूने भी लिए गए हैं. दोनों नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है. विभाग ने प्रतिष्ठान को कमियों में सुधार के लिए 14 दिनों का इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया है.
संतोष स्वीट्स से 5.24 लाख का मिल्क केक और पेड़ा जब्त
विजय नगर, कंकड़बाग स्थित संतोष स्वीट्स में भी खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई की. यहां से 3,344 किलोग्राम मिल्क केक जब्त किया गया, जिसकी कीमत 5,01,600 रुपये बताई गई है. इसके अलावा 112 किलोग्राम पेड़ा भी जब्त किया गया, जिसकी कीमत 22,400 रुपये है. दोनों खाद्य पदार्थों की कुल कीमत 5,24,000 रुपये बताई गई है.
विभाग ने पैक्ड मिल्क केक, खुली खोआ कतली, खुला पेड़ा और स्किम्ड मिल्क पाउडर के नमूने भी लिए हैं. इन्हें खाद्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है. प्रतिष्ठान को भी 14 दिनों के भीतर आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया गया है.
शांतिलाल स्वीट्स में टूटी फर्श और दीवारें, सफाई व्यवस्था भी खराब
मीठापुर स्थित शांतिलाल स्वीट्स वेंचर्स के निरीक्षण में भी कई कमियां मिलीं. प्रतिष्ठान की फर्श और दीवारें टूटी हुई थीं. खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी. किचन और बर्तन धोने वाले स्थान पर भी साफ-सफाई की कमी पाई गई.
जांच के दौरान पानी की जांच रिपोर्ट और कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत नहीं किए गए. प्रतिष्ठान में एल्युमिनियम के बर्तनों का इस्तेमाल किया जा रहा था. विभाग ने अरहर दाल और मैदा के 25-25 किलोग्राम के नमूने लिए हैं और जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं. प्रतिष्ठान को 14 दिनों का इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है.
शालीमार स्वीट्स में पैकिंग व्यवस्था पर उठे सवाल
कंकड़बाग कॉलोनी स्थित शालीमार स्वीट्स में खाद्य पदार्थों की पैकिंग स्वच्छ तरीके से नहीं किए जाने की कमी मिली. विभाग ने प्रतिष्ठान को खाद्य सामग्री की सुरक्षित और स्वच्छ पैकिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. यहां भी सुधार के लिए 14 दिनों का इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है.
दाऊजी मिष्ठान भंडार में भी मिलीं कई कमियां
कदमकुआं स्थित दाऊजी मिष्ठान भंडार में नारियल बर्फी और मैदा के नमूने लिए गए. जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के भंडारण के लिए स्टील के बर्तनों का इस्तेमाल नहीं किए जाने की बात सामने आई. किचन क्षेत्र में बाथरूम और स्नानघर भी पाए गए. खाद्य और अखाद्य सामग्री को एक साथ रखा गया था.
इसके अलावा मेडिकल रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली. कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता में भी कमी पाई गई. प्रतिष्ठान में खाद्य लाइसेंस की प्रति भी प्रदर्शित नहीं थी. हालांकि, इस दौरान किसी खाद्य सामग्री को जब्त या नष्ट नहीं किया गया.
रुचि स्वीट्स में गंदगी और मेडिकल सर्टिफिकेट का अभाव
कदमकुआं स्थित रुचि स्वीट्स में काजू कतली और लड्डू के नमूने लिए गए. निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में गंदगी, कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट का अभाव और निर्माण क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने जैसी कमियां मिलीं.
खाद्य और अखाद्य वस्तुओं को एक साथ रखे जाने की बात भी सामने आई. विभाग ने इन कमियों को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के अनुरूप नहीं माना. यहां किसी खाद्य सामग्री को जब्त या नष्ट नहीं किया गया.
लड्डू गोपाल स्वीट्स में FIFO और FEFO नियमों का पालन नहीं
बहादुरपुर स्थित लड्डू गोपाल स्वीट्स में पेड़ा और खोवा के नमूने लिए गए. निरीक्षण के दौरान रोशनदान में जाली नहीं लगी थी और बैरल रखे होने के कारण भंडार गृह में गंदगी मिली.
कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र, पानी की जांच रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट भी प्रस्तुत नहीं की गई. खाद्य सामग्री के भंडारण और इस्तेमाल में FIFO और FEFO नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था. इस प्रतिष्ठान से भी किसी खाद्य सामग्री को जब्त या नष्ट नहीं किया गया.
रॉयल पार्क सेलिब्रेशन रेस्टोरेंट में एक्सपायर्ड मसाले जब्त
पटना के रॉयल पार्क सेलिब्रेशन रेस्टोरेंट में निरीक्षण के दौरान एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ पाए गए. विभाग ने इन्हें जब्त कर नियमानुसार नष्ट करा दिया. इनमें न्यूट्रालाइट और MDH जीरा पाउडर के 75 ग्राम के तीन पैकेट तथा एवरेस्ट शाही बिरयानी मसाला के 50 ग्राम के दो पैकेट शामिल हैं.
खाद्य संरक्षा विभाग ने सभी मिठाई दुकानदारों और खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण और स्वच्छ पैकिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. विभाग ने साफ किया है कि खराब, दुर्गंध वाली, दूषित या अनुपयोगी खाद्य सामग्री का इस्तेमाल और बिक्री नहीं की जानी चाहिए.