Patna Student Protest: पटना की सड़कों पर मंगलवार को छात्रों के प्रदर्शन के दौरान जमकर बवाल हुआ। अलग-अलग छात्र संगठनों के प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने कई प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग की है, ताकि प्रदर्शनकारी छात्रों को लोकभवन और अन्य संवेदनशील इलाकों की ओर बढ़ने से रोका जा सके।
डाकबंगला चौराहे पर उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब प्रदर्शनकारी छात्रों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी। इसके बाद छात्रों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया।
बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने वाले कई छात्रों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए छात्रों को कोतवाली थाने ले जाया गया। मौके पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
जेपी गोलंबर के पास भी पुलिस और छात्रों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। छात्र लगातार लोकभवन की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे थे, जबकि पुलिस उन्हें रोकने में जुटी रही। प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
नए सचिवालय के समीप बेली रोड के दोनों ओर छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए करीब एक दर्जन बालू लदे ट्रैक्टर खड़े किए गए हैं। पूरे इलाके में तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।