PATNA: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को पटना में हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं सड़क पर उतर आए। पटना में स्टूडेंट्स का उग्र प्रदर्शन देखने को मिला। युवकों ने एसके पुरी के कस्तुरबा पथ निवासी डॉ. मदन मुरारी के पुत्र डॉ. नीतीश सिंह की इनोवा कार पर हमला बोल दिया। उनकी कार में जमकर तोड़फोड़ की और उन पर भी जानलेवा हमला किया। इस हमले में गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गयी। हालांकि कि डॉ. नीतीश सिंह इस हमले में बाल-बाल बचे। डॉ. नीतीश सिंह ने इस संबंध में पटना के कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है और कार्रवाई की मांग की है।
दरअसल नीट पेपर लीक मामले से गुस्साए छात्रों ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए पटना में विधानसभा मार्च निकाला था। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई बार झड़प हुई। छात्रों को काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और वाटर कैनन से पानी की बौछार करनी पड़ गयी। इस दौरान अपने वकील निरंजन कुमार से मिलने पटना हाईकोर्ट जा रहे डॉ. नीतीश सिंह के ऊपर अज्ञात युवकों ने जानलेवा हमला किया।
तोड़फोड़ कर उनकी इनोवा कार (रजिस्ट्रेशन नंबर MH31CA-4100) को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। डॉ. नीतीश सिंह ने इस बात की जानकारी कोतवाली थाने के थानाध्यक्ष को दी। बताया कि माउंट कार्मेल स्कूल से दाहिने जैसे ही उनकी गाड़ी पटना हाई कोर्ट जाने के लिए मुड़ी तभी 10-15 की संख्या मं आए युवकों ने उनकी गाड़ी पर ईंट-पत्थर, डंडे व अन्य हथियार से हमला कर दिया। उस वक्त वो खुद इनोवा में बैठे हुए थे।
सभी युवक अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे। डॉ. नीतीश सिंह ने बताया कि उनकी गाड़ी के फ्रांट, बैक और साइड के शीशों को चकनाचूर कर दिया और गाड़ी को बुरी तरह क्षति पहुंचाया। उन्होंने बताया कि इनोवा में अभी भी टूटे कांच के टुकड़े और ईंट भरा हुआ है। घटना बुधवार 22 जुलाई 2026 की शाम 4 बजकर 40 मिनट की है। डॉ. नीतीश सिंह ने कोतवाली थाने के थानेदार से मामले पर संज्ञान लेते हुए उचित कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। बता दें कि डॉ. नीतीश सिंह बीजेपी नागपुर के प्रोटोकॉल प्रमुख के साथ-साथ पटना स्थित के.एस. कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल के डायरेक्टर हैं।