Patna News: बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार शाम अचानक बदले मौसम ने भारी तबाही मचा दी। तेज आंधी और बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में पेड़ गिर गए, टीन-छप्पर उड़ गए और सड़कें जाम से भर गईं। हादसों में अब तक चार लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।


जानकारी के अनुसार, राजवंशी नगर इलाके में सड़क से गुजर रहे एक टेंपो पर पेड़ गिर गया, जिससे उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं एक नारियल विक्रेता की भी पेड़ गिरने से जान चली गई। कई गाड़ियां पेड़ों के नीचे दब गईं और लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


शाम करीब 4 बजे के बाद पटना में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। कुछ ही देर में शहर के कई इलाकों में बड़े-बड़े पेड़ सड़क, घर और दुकानों पर गिर गए। पटना हाईकोर्ट, सचिवालय, देशरत्न मार्ग और विधान परिषद मार्ग समेत कई प्रमुख इलाकों में पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित हुआ। सचिवालय परिसर में खड़ी एक कार पर भी पेड़ गिर गया।


पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास के बाहर भी विशाल पेड़ गिरने से सड़क पूरी तरह जाम हो गई। मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले अणे मार्ग गेट के पास भी पेड़ गिरने से यातायात बाधित रहा। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) कार्यालय परिसर में भी तेज आंधी के दौरान आम का पेड़ गिर गया। उस समय नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपनी बेटी कात्यायनी के साथ कार्यालय में मौजूद थे। पेड़ गिरने से उनकी एस्कॉर्ट गाड़ी का शीशा टूट गया। सुरक्षा के मद्देनजर तेजस्वी यादव को तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।


इस्कॉन मंदिर के सामने डिज्नीलैंड मेला परिसर में भी भारी नुकसान हुआ। कई दुकानें ध्वस्त हो गईं और एक घर पर पेड़ गिर गया। आंधी-बारिश के बाद शहर की सड़कों पर लंबा जाम लग गया। जगदेव पथ, नेहरू पथ फ्लाईओवर और पटना जू रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।


हालात बिगड़ने के बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। डीएम ने नगर निकाय, वन विभाग, बिजली विभाग और पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में लगाया। गर्दनीबाग इलाके में पेड़ के नीचे दबे एक व्यक्ति को निकालने के लिए एनडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। तेज आंधी के कारण पटना चिड़ियाघर को शनिवार तक बंद कर दिया गया है। वहीं खराब मौसम के चलते कोलकाता से पटना आने वाली एक फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा।