PATNA: हर साल की तरह इस साल भी मां वैष्णो देवी सेवा समिति 51 जोड़ों का दहेज-मुक्त सामूहिक विवाह समारोह आयोजित करने जा रही है। सामूहिक विवाह का यह कार्यक्रम रविवार 21 जून को आयोजित किया गया है। इस बार के आयोजन में 14 दिव्यांग जोड़ों को भी शामिल किया गया है। जिनका विवाह पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में होगा। इस सामूहिक विवाह समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी होंगे। 


बता दें कि मां वैष्णो देवी सेवा समिति लगातार हर साल 51 जोड़ों का शादी कराती आ रही है। इस बार भी लगातार 14वें साल सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन करने जा रही है। भव्य विवाह समारोह का आयोजन 21 जून को पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में होगा। जहां 51 युवकों और युवतियों की शादी करायी जाएगी। 


यह आयोजन दहेज-मुक्त शादी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस भव्य विवाह समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शिरकत करेंगे और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे। इस मौके पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। जिसमें प्रसिद्ध लोकगायिका मैथिली ठाकुर और गायिका रितिका राज अपनी गीतों से सबकों मंत्रमुग्ध करेंगी। 


14 दिव्यांग जोड़े भी होंगे शामिल

बता दें कि विवाह करने वाले 51 जोड़ों में 14 दिव्यांग जोड़े भी शामिल हैं। इनमें चार दृष्टिबाधित, दो मूक-बधिर और आठ अन्य दिव्यांग जोड़े शामिल हैं। 


नवविवाहित जोड़ों को दिए जाएंगे उपहार

नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक घरेलू सामग्री उपहार स्वरूप प्रदान की जाएगी। सभी 51 जोड़ों को 21 जून की सुबह से महाराणा प्रताप भवन में ठहराया जाएगा, जहां विवाह पूर्व की सभी पारंपरिक रस्में संपन्न होंगी।


51 घोड़ों पर निकलेगी भव्य बारात

प्रत्येक जोड़े के साथ वर और वधू पक्ष से 10-10 बारातियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। शाम चार बजे महाराणा प्रताप भवन से 51 घोड़ों पर सवार 51 दूल्हों की भव्य बारात निकलेगी, जो श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल पहुंचेगी।


51 मंडपों में 51 जोड़ों की शादी 

श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल परिसर में 51 मंडप सजाए जाएंगे, जहां वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संस्कार संपन्न कराए जाएंगे। इसके लिए सभी आवश्यक सामग्रियों की व्यवस्था की गई है। विवाह से पहले सभी जोड़ों का जयमाल समारोह मुख्य हॉल में आयोजित होगा। समारोह में शामिल अतिथियों और नवविवाहित जोड़ों के लिए रात्रि भोज की भी विशेष व्यवस्था की गई है। रविवार का दिन खास होने वाला है। पूरे एसके मेरोरियल हॉल और महाराणा प्रताप भवन को रंग बिरंगे लाइट्स से सजाया जा रहा है। फूलों का डेकोरेशन किया जा रहा है।