Patna Road Accident: पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र के डुमरी फोरलेन के पास रविवार भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। 


मृतक की पहचान दानापुर पेठिया बाजार निवासी 24 वर्षीय साहिल कुमार के रूप में हुई है, जो रियल एस्टेट के व्यवसाय से जुड़ा था। वहीं घायल युवक उसका दोस्त और पेठिया बाजार निवासी प्रिंस कुमार है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि साहिल अपने मित्र प्रिंस के साथ नालंदा जिले के नगरनौसा से बाइक द्वारा वापस अपने घर दानापुर पेठिया बाजार लौट रहा था। 


घायल प्रिंस के अनुसार, साहिल ही बाइक चला रहा था जबकि वह खुद पीछे बैठा हुआ था। जैसे ही उनकी बाइक फतुहा के डुमरी फोरलेन के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात बड़े वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। इसी बीच एक तेज रफ्तार ट्रक का चक्का सड़क पर गिरे साहिल के ऊपर से गुजर गया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। वहीं प्रिंस सड़क किनारे गिरकर लहूलुहान हो गया।


स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर फतुहा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल प्रिंस को तुरंत फतुहा अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच (PMCH) रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक साहिल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए NMC पटना भेज दिया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।