पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में दशहरा के मौके पर 20 अक्टूबर को भव्य रावण वध कार्यक्रम का आयोजन होगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही वीवीआईपी और वीआईपी लोगों की आवाजाही को देखते हुए पटना ट्रैफिक पुलिस ने शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन को लेकर विशेष व्यवस्था की है। गांधी मैदान की ओर जाने वाली कई सड़कों पर आम वाहनों की एंट्री बंद रहेगी, जबकि कुछ रास्तों पर वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात व्यवस्था में यह बदलाव 20 अक्टूबर की सुबह 11 बजे से रावण वध कार्यक्रम की समाप्ति तक लागू रहेगा। हालांकि एंबुलेंस, अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहन और वैध पास वाले वाहनों को निर्धारित व्यवस्था के तहत आने-जाने की अनुमति रहेगी।
गांधी मैदान के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था को सबसे ज्यादा सख्त रखा जाएगा। डाकबंगला चौराहे और भट्टाचार्य चौराहे से गांधी मैदान की तरफ जाने वाले वाहनों को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। नेहरू पथ से गांधी मैदान की ओर आने वाले व्यावसायिक वाहनों को आयकर गोलंबर से ही डायवर्ट कर दिया जाएगा। इसी तरह रिक्शा, ठेला और ऑटो को भी आयकर गोलंबर से दाहिने वीरचंद पटेल पथ की ओर भेजा जाएगा।
गांधी मैदान के आसपास कई रास्ते रहेंगे बंद
20 अक्टूबर की सुबह 11 बजे से आयुक्त कार्यालय के सामने जेपी गंगा पथ पर गोलंबर से गांधी मैदान की ओर जाने वाले वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। इसके अलावा रामगुलाम चौक से पश्चिम जेपी गोलंबर की तरफ भी वाहन नहीं जा सकेंगे। जेपी गोलंबर से चिल्ड्रेन पार्क के बीच का मार्ग सुरक्षित रखा जाएगा।
गांधी मैदान की तरफ जाने वाले वाहनों के लिए ठाकुरबाड़ी मोड़ और बाकरगंज मोड़ से पश्चिम दिशा में भी रास्ता बंद रहेगा। इसके अलावा आईएमए हॉल, होटल पनास, ट्विन टावर और मौर्या होटल के पास मौजूद सभी कटिंग से गांधी मैदान की ओर वाहनों की आवाजाही नहीं हो सकेगी।
अशोक राजपथ पर भी ट्रैफिक में बदलाव किया गया है। गोविंद मित्रा रोड मोड़ से पश्चिम कारगिल चौक की ओर जाने वाले वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं बुद्ध मार्ग पर कोतवाली टी से पुलिस लाइन तिराहे तक गांधी मैदान की ओर जाने वाले सभी रास्ते बंद रहेंगे।
डाकबंगला से लेकर भट्टाचार्य चौराहा तक डायवर्जन
रावण वध के दौरान डाकबंगला चौराहे से आने वाले वाहनों को न्यू डाकबंगला रोड की तरफ भेजा जाएगा। भट्टाचार्य मोड़ से आने वाले वाहनों को राजेंद्र पथ की ओर डायवर्ट किया जाएगा। पटना सिटी से पटना जंक्शन जाने वाले वाहन चालकों को भी गांधी मैदान की तरफ जाने से बचना होगा। अशोक राजपथ की ओर से आने वाले वाहन गांधी चौक से भिखना पहाड़ी मोड़, बारी पथ, मछुआटोली, दिनकर गोलंबर, नाला रोड, अप्सरा गोलंबर और सीडीए बिल्डिंग होते हुए पटना जंक्शन की ओर जा सकेंगे।
दानापुर से गांधी मैदान की तरफ आने वाले वाहनों के लिए राजापुर पुल से बाईं ओर मुड़कर बोरिंग रोड चौराहा जाने का विकल्प रहेगा। वहीं पटना जंक्शन से गांधी मैदान की ओर जाने वाले वाहनों को डाकबंगला, न्यू डाकबंगला रोड, भट्टाचार्य चौराहा, सीडीए बिल्डिंग और गोरियाटोली के रास्ते जाने की व्यवस्था रहेगी।
भीड़ से बचने के लिए पहले से तय करें अपना रास्ता
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 20 अक्टूबर को गांधी मैदान के आसपास अनावश्यक रूप से वाहन लेकर न जाएं। खासकर दोपहर से लेकर रावण वध कार्यक्रम खत्म होने तक गांधी मैदान के आसपास भारी भीड़ रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को घर से निकलने से पहले अपना वैकल्पिक रास्ता तय कर लेना चाहिए।
ट्रैफिक एसपी सागर कुमार ने बताया कि रावण वध देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग गांधी मैदान पहुंचेंगे। इसके साथ ही वीवीआईपी मूवमेंट भी होगा। इसी को ध्यान में रखते हुए गांधी मैदान के चारों तरफ आने वाली प्रमुख सड़कों पर वाहनों के परिचालन को नियंत्रित किया गया है।
इन जगहों पर होगी वाहनों की पार्किंग
रावण वध कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है। जेपी गंगा पथ के एक फ्लैंक, मौर्यालोक परिसर, वीरचंद पटेल पथ की सर्विस लेन और हार्डिंग रोड पर जीपीओ से आर ब्लॉक चौराहे तक सड़क के किनारे एक लेन में वाहन पार्क किए जा सकेंगे। इसके अलावा एएन सिन्हा इंस्टीट्यूट परिसर और ज्ञान भवन के अंदर भी पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। एसबीआई परिसर में सिर्फ पासधारक वाहनों को पार्किंग की अनुमति दी जाएगी।
ऐसे में अगर आप 20 अक्टूबर को गांधी मैदान में रावण वध देखने जा रहे हैं तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान जरूर देख लें। कार्यक्रम के दौरान कई प्रमुख रास्तों पर सामान्य वाहनों की एंट्री बंद रहेगी और अलग-अलग मार्गों से वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। ट्रैफिक नियमों का पालन करने और निर्धारित पार्किंग स्थल का इस्तेमाल करने से लोगों को जाम और परेशानी से बचने में मदद मिलेगी।