पटना: राजधानी पटना के राजीव नगर इलाके में शनिवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक कार के अंदर झारखंड के रिटायर्ड इंजीनियर का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान आलोक कुमार के रूप में हुई है। वे झारखंड की सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) में जनरल मैनेजर के पद से रिटायर हुए थे और फिलहाल रांची में रह रहे थे।

घटना फ्रेंड्स कॉलोनी रोड नंबर-4 स्थित जमुना पैलेस के पास की है। आलोक कुमार का शव उनकी कार की ड्राइविंग सीट पर मिला। उनका सिर एक तरफ लुढ़का हुआ था और कनपटी के पीछे गोली लगी थी। कार के गेट के पास जमीन पर एक पिस्टल भी पड़ी मिली है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

ड्राइविंग सीट पर मिला शव, पास में पड़ी थी पिस्टल

जानकारी के मुताबिक, आलोक कुमार जिस कार से आए थे, वह जमुना पैलेस के नीचे खड़ी थी। कार पर झारखंड का नंबर दर्ज है। काफी देर तक कार के वहां खड़े रहने के बाद आसपास के लोगों को शक हुआ। इसी दौरान परिजनों को इसकी जानकारी दी गई।जब कार को देखा गया तो अंदर ड्राइविंग सीट पर आलोक कुमार का शव पड़ा था। उनके सिर पर गोली लगी थी। वहीं कार के पास जमीन पर एक पिस्टल बरामद हुई। शुरुआती स्थिति को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि गोली खुद से चलने की घटना हो सकती है। हालांकि, परिजनों की ओर से इसे हत्या बताया जा रहा है। ऐसे में पुलिस आत्महत्या के साथ-साथ हत्या के एंगल से भी जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि गोली कैसे चली और घटना के पीछे क्या वजह रही। पुलिस की जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ होने की उम्मीद है।

तीन दिन पहले बहन के घर आए थे आलोक

बताया जा रहा है कि आलोक कुमार करीब तीन दिन पहले पटना आए थे। वे अपनी बहन से मिलने के लिए फ्रेंड्स कॉलोनी के 302-F ब्लॉक स्थित उनके घर पहुंचे थे। परिजनों के मुताबिक, आलोक पहले भी कई बार यहां आ चुके थे। वे सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए भी निकलते थे। परिवार के लोगों को किसी तरह की परेशानी की जानकारी नहीं थी। यही वजह है कि अचानक कार में उनका शव मिलने की खबर से परिजन भी सकते में हैं। आलोक कुमार मूल रूप से मोतिहारी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। रिटायरमेंट के बाद वे रांची के कांके रोड स्थित इंदिरा नगर में रह रहे थे। उनका एक बच्चा है, जो बाहर रहता है।

गार्ड ने दी कार खड़ी होने की जानकारी

परिजन विनोद कुमार ने बताया कि उन्हें गार्ड के जरिए जानकारी मिली कि एक कार काफी देर से लावारिस हालत में खड़ी है। सूचना मिलने के बाद जब वे मौके पर पहुंचे तो कार के अंदर आलोक कुमार का शव मिला। विनोद कुमार के अनुसार, आलोक करीब तीन दिन पहले अपनी बहन के घर आए थे। वे पहले भी यहां कई बार आ चुके थे। परिवार को उनके साथ किसी तरह की परेशानी होने की जानकारी नहीं थी।

पुलिस और FSL टीम ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही राजीव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ FSL की टीम ने भी घटनास्थल की जांच की। कार, पिस्टल और आसपास के इलाके से जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आलोक कुमार आखिरी बार किससे मिले थे, वे कार लेकर कहां गए थे और घटना से पहले उनकी गतिविधियां क्या थीं। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी जांच का अहम हिस्सा हो सकती है।

फिलहाल अधिकारियों की ओर से घटना को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। कार के अंदर रिटायर्ड GM का शव, कनपटी के पीछे गोली और बाहर पड़ी पिस्टल ने पूरे मामले को रहस्यमय बना दिया है। अब पुलिस की जांच से ही पता चलेगा कि यह गोली खुद चली या फिर किसी ने वारदात को अंजाम दिया।