पटना: राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आ रहे हैं। राजीव नगर थाना क्षेत्र में बाइक सवार अपराधियों ने एक कार पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग की घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई। हालांकि, इस हमले में कार सवार लोग बाल-बाल बच गए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
यह घटना राजीव नगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-8 के पास की है। बताया जा रहा है कि कुछ बाइक सवार अपराधियों ने एक कार का पीछा किया और मौका मिलते ही उस पर गोलियां बरसा दीं। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
कार का पीछा कर अपराधियों ने बरसाईं गोलियां
पुलिस के मुताबिक, एजी कॉलोनी निवासी सुंदरम कुमार अपने एक साथी के साथ कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तीन से चार बाइक पर सवार अपराधियों ने उनकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूर जाने के बाद अपराधियों ने अचानक कार पर फायरिंग शुरू कर दी। हमले के दौरान कार में बैठे लोगों ने किसी तरह खुद को बचाया। गोलियां चलाने के बाद अपराधी तेजी से मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घटनास्थल से बरामद हुआ खोखा
घटना की जानकारी मिलते ही राजीव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान एक खोखा बरामद किया है। इसके आधार पर पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि किस हथियार से फायरिंग की गई थी। पुलिस ने कार चालक के बयान के आधार पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें जांच में जुट गई हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एसडीपीओ लॉ एंड ऑर्डर-2 कोमल मीणा ने बताया कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है। एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। उन्होंने बताया कि पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शुरुआती जांच में रोड रेज, आपसी विवाद, पुरानी रंजिश या लूटपाट जैसे सभी एंगल पर पड़ताल की जा रही है।
पीड़ित ने जताई अनभिज्ञता
कार चालक सुंदरम कुमार ने पुलिस को बताया कि उन्हें फायरिंग करने वाले अपराधियों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी नहीं बताया कि हमला किस वजह से किया गया। पुलिस अब पीड़ित के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर घटना की वजह तलाशने में जुटी है।
जल्द खुलासे का दावा
राजधानी पटना में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बीच इस फायरिंग की घटना ने पुलिस की चुनौती बढ़ा दी है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच तेजी से चल रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए संदिग्ध से पूछताछ कर रही है और फरार अपराधियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जल्द ही हमलावरों तक पहुंचा जा सकेगा।