Patna Township: राजधानी पटना से करीब 13 किलोमीटर दूर पुनपुन में पाटलिपुत्र टाउनशिप विकसित करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए पुनपुन क्षेत्र में 1010 एकड़ का कोर एरिया चिह्नित किया गया है, जिसमें एक दर्जन राजस्व गांव—अब्दुलपुर पिपरा, बाजिदपुर, पिपरा, पनवार, नुरुद्दीनपुर, डुमरी, नादपुर, खैरी, खापुरा, कालियानपुर बैसावां, पिपरा चक और सिकंदरपुर शामिल हैं।
भविष्य में विस्तार को ध्यान में रखते हुए 81,730 एकड़ का स्पेशल एरिया भी तय किया गया है, जिसमें पुनपुन, फतुहा, संपतचक, पटना ग्रामीण, धनरूआ, दनियावां, मसौढ़ी और फुलवारी प्रखंडों के 275 राजस्व गांव शामिल किए गए हैं। इस टाउनशिप में फिनटेक सिटी, स्पोर्ट्स सिटी, लॉजिस्टिक हब और ज्यूडिशियल एकेडमी जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
बता दें कि राज्य सरकार ने 11 शहरों में सैटेलाइट टाउनशिप बसाने का निर्णय लिया है, जिसमें पटना भी शामिल है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि राजधानी के किन क्षेत्रों में यह आधुनिक शहर पूरी तरह विकसित किया जाएगा। फिलहाल चिन्हित इलाकों में जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक लगा दी गई है, ताकि भूमि की कीमतों में अनियंत्रित वृद्धि को रोका जा सके।
जमीन चिन्हित होने के बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित कमेटी किसानों से जमीन अधिग्रहण को लेकर बातचीत करेगी। निजी भागीदारी मॉडल के तहत जमीन का विकास किया जाएगा, और बाद में जमीन मालिकों को उनके पुराने भूखंड के अनुपात में विकसित प्लॉट आवंटित किए जाएंगे।
मास्टर प्लान के तहत 31 मार्च 2027 तक पटना, गया, दरभंगा, सहरसा, पूर्णिया और मुंगेर में आधुनिक शहर विकसित करने की योजना है। दूसरे चरण में मुजफ्फरपुर, छपरा, भागलपुर और सीतामढ़ी के लिए 30 जून 2027 तक मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा।
इन 11 शहरों में बनने वाली टाउनशिप के नाम भी तय किए गए हैं—पटना में पाटलिपुत्र, सोनपुर में हरिहरनाथपुर, गया में मगध, दरभंगा में मिथिला, सहरसा में कोसी, पूर्णिया में पूर्णिया, मुंगेर में अंग, सीतामढ़ी में सीतापुरम, भागलपुर में विक्रमशिला, मुजफ्फरपुर में तिरहुत और छपरा में नई टाउनशिप विकसित की जाएगी।