Bihar Crime News: राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा न्यू एतवारपुर-कुरथौल से सामने आए एक वायरल वीडियो से लगाया जा सकता है. यहां सोमवार को प्रेम प्रसंग के विवाद में एक युवक ने अपनी 21 वर्षीय विवाहित प्रेमिका पर बीच सड़क चाकू से हमला कर दिया. वारदात के दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ मौजूद थी, लेकिन काफी देर तक कोई महिला को बचाने के लिए आगे नहीं आया.


वायरल वीडियो में एक युवक सड़क पर महिला पर चाकू से हमला करता दिखाई दे रहा है. महिला खुद को बचाने की कोशिश करती नजर आती है, जबकि आसपास मौजूद लोग घटना को देखते रहे. हमला होने के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे.


घटना परसा बाजार थाना क्षेत्र के न्यू एतवारपुर-कुरथौल इलाके की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, लालू पथ के सामने एक मुर्गा दुकान के पास युवक और महिला के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसी दौरान युवक ने दुकान में रखे मुर्गा काटने वाले चाकू से महिला की गर्दन पर हमला कर दिया.


हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को 70 फीट बाइपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है. महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है.


घटना के बाद आरोपी फरार

वारदात के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से खून के निशान समेत अन्य साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है.


घायल महिला मूल रूप से जहानाबाद जिले की रहने वाली बताई जा रही है और फिलहाल पटना के गांधी मैदान इलाके में किराये के मकान में रहती है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला और आरोपी युवक के बीच पहले से संबंध थे.


बताया जा रहा है कि दो दिन पहले आरोपी ने महिला के लिए कपड़े भी खरीदे थे. आरोपी राजकुमार ने कपड़े सिलवाने के बहाने महिला को कुरथौल बुलाया था. इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया.


पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान भोला राय के 35 वर्षीय पुत्र राजकुमार के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने महिला के बाल पकड़कर उसकी गर्दन के पिछले हिस्से पर चाकू से हमला किया था. वारदात के बाद से वह फरार है.


पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है. मामले की जांच जारी है.