Patna News: बिहार के पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल में रविवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। हादसा महबलीपुर ओपी क्षेत्र के अंकुरी गांव के पास हुआ। कार अरवल से पटना की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सड़क किनारे नहर में जा गिरी।



हादसे के बाद सड़क से गुजर रहे लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही महबलीपुर ओपी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कार में सवार चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।



घटना के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी बाधित रहा। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस के अनुसार, कार में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। फिलहाल मामले की छानबीन की जा रही है।



इस संबंध में महबलीपुर ओपी प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों से अंकुरी गांव के पास नहर में कार गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से सभी कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।