Bihar Crime News: पटना से सटे खगौल थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. घटना पीजीएस मोड़ स्थित सैनिक गेस्ट हाउस की है, जहां रविवार को आरोपी ने नौकरी दिलाने के बहाने किशोरी को बुलाया था. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जबकि पुलिस ने गेस्ट हाउस संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है.
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि बस में सफर के दौरान उसकी मुलाकात आरोपी से हुई थी. आरोपी ने खुद को सरकार में वरीय अधिकारी बताया था और दावा किया था कि वह कई लोगों को सरकारी नौकरी दिलवा चुका है. उसकी बातों में आने के बाद किशोरी की उससे फोन पर बातचीत होने लगी. करीब एक सप्ताह तक संपर्क में रहने के बाद आरोपी ने उसे नौकरी दिलाने का भरोसा देकर पटना बुलाया.
पीड़िता के अनुसार, रविवार को आरोपी ने उसे नौकरी से जुड़े कागजात और आगे की प्रक्रिया पर बातचीत करने के बहाने सैनिक गेस्ट हाउस बुलाया. वहां पहुंचने के बाद आरोपी उसे एक कमरे में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया. घटना के बाद पीड़िता ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया था.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. खगौल थानाध्यक्ष रंजन कुमार के अनुसार, गेस्ट हाउस संचालक अंकित कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने संबंधित कमरे को सील कर दिया है और गेस्ट हाउस का आगंतुक रजिस्टर भी जब्त किया है.
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की गतिविधियों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी मिल सके. आरोपी भोजपुर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है और उसके आरा के आसपास के क्षेत्र का निवासी होने की जानकारी मिली है.
मेडिकल जांच के लिए भेजी गई किशोरी
पुलिस ने पीड़िता के परिजनों को सूचना देकर उसे मेडिकल जांच के लिए एम्स, फुलवारी भेजा. किशोरी के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. मामले में गेस्ट हाउस संचालक से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी वहां किस तरह पहुंचा और घटना से संबंधित अन्य तथ्यों का खुलासा हो सके.