Patna New Market : पटना के लोगों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राजधानी के सबसे पुराने और व्यस्त बाजारों में शामिल न्यू मार्केट के दिन अब बदलने वाले हैं। पटना न्यू मार्केट को आधुनिक रूप देने की दिशा में केंद्र सरकार ने करीब 498.40 करोड़ रुपये की पुनर्विकास परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी साझा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है।


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में बिहार के शहरी विकास को नई गति मिल रही है। इसी कड़ी में पटना के समग्र विकास और आधुनिक शहरी सुविधाओं के विस्तार के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है।करीब 498.40 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित पटना न्यू मार्केट पुनर्विकास परियोजना को केंद्र सरकार से सैद्धांतिक स्वीकृति मिली है। यह परियोजना पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप यानी PPP मॉडल पर विकसित की जाएगी।इस परियोजना के अमल में आने के बाद न्यू मार्केट क्षेत्र की तस्वीर और यहां आने वाले लोगों का अनुभव दोनों बदलने की उम्मीद है।


पटना न्यू मार्केट राजधानी के प्रमुख व्यावसायिक इलाकों में से एक है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। बाजार की व्यस्तता के कारण कई बार जाम, पार्किंग और फुटपाथ पर दुकानें लगने जैसी समस्याएं भी सामने आती हैं। प्रस्तावित पुनर्विकास परियोजना में इन समस्याओं का समाधान करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। परियोजना के तहत आधुनिक व्यावसायिक सुविधाओं, व्यवस्थित वेंडिंग जोन, बेहतर पार्किंग और सुगम यातायात व्यवस्था विकसित करने का रास्ता साफ होगा। यानी आने वाले समय में न्यू मार्केट में खरीदारी करने पहुंचने वाले लोगों को बेहतर और व्यवस्थित बाजार का अनुभव मिल सकता है।


न्यू मार्केट के पुनर्विकास का असर केवल ग्राहकों तक सीमित नहीं रहेगा। व्यवस्थित वेंडिंग जोन तैयार होने से छोटे दुकानदारों और फुटपाथ पर कारोबार करने वाले वेंडर्स को भी बेहतर जगह और सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।अभी बाजार क्षेत्र में कई जगहों पर दुकानें और ठेले सड़क या पैदल चलने वाले रास्तों तक फैल जाते हैं। इससे आवाजाही प्रभावित होती है। अगर वेंडिंग जोन को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाता है तो कारोबार भी चलता रहेगा और बाजार में अव्यवस्था भी कम हो सकती है।


राजधानी पटना में पिछले कुछ वर्षों से शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। न्यू मार्केट पुनर्विकास परियोजना को भी इसी कड़ी में एक अहम पहल माना जा रहा है।करीब 498 करोड़ रुपये की यह परियोजना सिर्फ बाजार को नया रूप देने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य व्यवस्थित व्यावसायिक क्षेत्र, बेहतर पार्किंग, सुगम यातायात और आधुनिक शहरी सुविधाओं का विकास करना है।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार राजधानी पटना को आधुनिक, सुव्यवस्थित और सुविधासंपन्न शहर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्र से मिली सैद्धांतिक मंजूरी को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


अब लोगों की नजर इस बात पर होगी कि परियोजना को जमीन पर उतारने की प्रक्रिया कब शुरू होती है और न्यू मार्केट का नया स्वरूप कब दिखाई देता है। अगर योजना के मुताबिक काम आगे बढ़ता है तो आने वाले समय में पटना का यह पुराना बाजार आधुनिक सुविधाओं से लैस नए अंदाज में नजर आ सकता है।