पटना के बहुचर्चित NEET छात्रा रेप और मौत मामले में एक बार फिर न्याय की लड़ाई तेज हो गई है। करीब डेढ़ साल से चर्चा में रहे इस मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की क्लोजर रिपोर्ट पर शनिवार को अदालत में अहम सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान सूचक की ओर से CBI की जांच पर गंभीर सवाल उठाए गए। जांच में कथित लापरवाही और छूटे हुए पहलुओं को लेकर अदालत के सामने 35 से 40 पन्नों का लिखित प्रोटेस्ट और दलीलें पेश की गईं। अब इस मामले में 8 दिसंबर को CBI अपना अंतिम पक्ष रखेगी।
शनिवार की सुनवाई के बाद एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं कि आखिर जिस मामले में पोस्टमॉर्टम और FSL रिपोर्ट में यौन हिंसा से जुड़े अहम साक्ष्य सामने आए थे, उसकी जांच क्लोजर रिपोर्ट तक कैसे पहुंच गई? छात्रा की मौत के पीछे की पूरी सच्चाई जानने और दोषियों को सजा दिलाने की मांग कर रहे परिजनों की निगाहें अब अदालत के फैसले पर टिकी हैं।
40 पन्नों के प्रोटेस्ट में CBI की जांच पर उठाए सवाल
सूचक की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि शनिवार को अदालत में कॉग्निजेंस के बिंदुओं पर सुनवाई हुई। इस दौरान सूचक ने अपने कानूनी अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए CBI की जांच में रह गई कथित कमियों को विस्तार से रखा।
अधिवक्ता के मुताबिक, क्लोजर रिपोर्ट के खिलाफ 35 से 40 पन्नों में लिखित आपत्ति और दलीलें दाखिल की गई हैं। इसमें जांच के दौरान छूटे महत्वपूर्ण पहलुओं और उन सवालों को उठाया गया है, जिनका जवाब जांच एजेंसी को देना चाहिए था।
सुनवाई के दौरान अदालत ने CBI के अधिवक्ता से भी कई बिंदुओं पर सवाल किए। सूचक के अधिवक्ता का दावा है कि जांच एजेंसी की ओर से दिए गए जवाब संतोषजनक नहीं थे। हालांकि, अब CBI को अगली सुनवाई में अपना अंतिम पक्ष रखने का मौका मिलेगा।
8 दिसंबर को CBI रखेगी अपना अंतिम पक्ष
इस मामले में अगली सुनवाई 8 दिसंबर को निर्धारित है। इस दिन CBI की ओर से अदालत में अपना पक्ष रखा जाएगा। इसके बाद मामले की आगे की दिशा और क्लोजर रिपोर्ट पर अदालत का रुख स्पष्ट हो सकता है।अब अदालत के सामने मुख्य रूप से दो विकल्प हैं। पहला, CBI की क्लोजर रिपोर्ट को स्वीकार कर लिया जाए। दूसरा, जांच में कमियां पाए जाने पर आगे की जांच या अन्य जरूरी कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया जाए। फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि अदालत किस दिशा में फैसला सुनाएगी। लेकिन सूचक की ओर से पेश की गई विस्तृत आपत्तियों ने मामले को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
कोर्ट की फटकार के बाद CBI ने जोड़ी थी POCSO की धाराएं
इस मामले की जांच शुरुआत से ही सवालों के घेरे में रही है। छात्रा की मौत के बाद शुरुआती पुलिस जांच में दावा किया गया था कि उसकी मौत नशीली दवाओं या नींद की गोलियों के ओवरडोज के कारण हुई है। लेकिन बाद में सामने आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने मामले को नया मोड़ दे दिया।
15 जनवरी को आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यौन हिंसा की आशंका से इनकार नहीं किया गया था। रिपोर्ट में छात्रा के कपड़ों पर मिले साक्ष्यों ने भी गंभीर सवाल खड़े किए। FSL जांच में छात्रा के अंडरगारमेंट में स्पर्म मिलने की बात सामने आई थी।इसके बावजूद CBI ने जब जांच अपने हाथ में ली, तो शुरुआत में POCSO एक्ट की धाराएं नहीं जोड़ी गई थीं। इस पर अदालत ने कड़ी नाराजगी जताई। कोर्ट की फटकार के बाद जांच एजेंसी ने POCSO एक्ट की धाराएं जोड़ीं। इतना ही नहीं, सूचक पक्ष की ओर से यह सवाल भी उठाया गया कि कानूनन जरूरी होने के बावजूद छात्रा की मां का बयान तक दर्ज नहीं किया गया। ऐसे में जांच की प्रक्रिया और उसके निष्कर्षों पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।
पटना पुलिस की जांच से आगे नहीं बढ़ पाई CBI?
शुरुआत में मामले की जांच चित्रगुप्त नगर थाने की तत्कालीन थानेदार रोशनी कुमारी ने की थी। छात्रा के साथ यौन हिंसा की आशंका सामने आने के बाद जांच की जिम्मेदारी सचिवालय एसडीपीओ-1 डॉ. अनु कुमारी को सौंपी गई। मामले ने पटना से लेकर जहानाबाद तक तूल पकड़ लिया। लोगों के आक्रोश और लगातार उठ रहे सवालों के बीच बिहार सरकार ने जांच CBI को सौंपने की अनुशंसा की। 12 फरवरी को CBI ने केस टेकओवर किया। शुरुआत में पवन कुमार को जांच अधिकारी बनाया गया। बाद में विभा कुमारी को यह जिम्मेदारी दी गई।
जांच के दौरान करीब 30 लोगों का DNA टेस्ट कराया गया। लेकिन छात्रा के कपड़ों पर मिले स्पर्म के DNA से किसी का मिलान नहीं हो सका। इसी बीच जांच एजेंसी की कार्यशैली पर भी सवाल उठते रहे। सूचक पक्ष का आरोप है कि CBI की जांच पटना पुलिस की शुरुआती जांच से आगे नहीं बढ़ सकी।
6 जनवरी 2025 को हॉस्टल में बेहोश मिली थी छात्रा
यह पूरा मामला 6 जनवरी 2025 का है। पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली NEET की छात्रा अपने कमरे में बेहोशी की हालत में मिली थी। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुरुआत में इसे संदिग्ध मौत मानकर जांच की गई। बाद में पोस्टमॉर्टम और FSL रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों ने पूरे मामले को यौन हिंसा और मौत के गंभीर केस में बदल दिया।
बिहार सरकार ने पहले SIT गठित कर जांच कराई थी। लेकिन SIT की जांच मुख्य रूप से नींद की गोलियां खाने और ओवरडोज के एंगल पर केंद्रित रही। पोस्टमॉर्टम और FSL रिपोर्ट के बाद पुलिस की शुरुआती जांच पर सवाल उठने लगे। बढ़ते जनदबाव के बीच मामले की जांच CBI को सौंप दी गई।
लापरवाही के आरोप में पुलिस अधिकारी हुए थे सस्पेंड
जांच के दौरान तत्कालीन चित्रगुप्त नगर थानाध्यक्ष रोशनी कुमारी और कदमकुआं के पुलिस पदाधिकारी हेमंत झा पर लापरवाही के आरोप लगे थे। इसके बाद दोनों को निलंबित कर दिया गया था। हालांकि, बाद में उनका निलंबन समाप्त कर दिया गया और वे दोबारा ड्यूटी पर लौट आए।
अब इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि छात्रा की मौत के पीछे की सच्चाई आखिर कब सामने आएगी? क्या CBI की क्लोजर रिपोर्ट को अदालत मंजूरी देगी या जांच में रह गई कमियों को देखते हुए आगे की कार्रवाई का आदेश दिया जाएगा? 8 दिसंबर की सुनवाई इस मामले के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।