PATNA: राजधानी पटना में प्रॉपर्टी टैक्स नहीं जमा करने वाले हजारों लोगों पर अब नगर निगम का शिकंजा कसने लगा है। पटना नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बकाया संपत्ति कर की वसूली को लेकर बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। निगम के आंकड़ों के अनुसार शहर के 63 हजार 816 संपत्तिधारकों पर कुल 65 करोड़ 60 लाख रुपये से अधिक का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। लंबे समय से टैक्स जमा नहीं करने वालों के खिलाफ अब निगम सख्त कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है।


नगर निगम प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अब बार-बार चेतावनी देने के बाद भी अगर बकायेदार टैक्स जमा नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसमें बैंक खाते जब्त करने, संपत्ति कुर्क करने, चल-अचल संपत्ति की नीलामी तक की कार्रवाई शामिल हो सकती है। जरूरत पड़ने पर बड़े बकायेदारों के नाम सार्वजनिक करने पर भी विचार किया जा रहा है।


नगर निगम की ओर से उन संपत्तिधारकों को विशेष रूप से चिन्हित किया गया है, जिन पर एक लाख रुपये से अधिक का टैक्स बकाया है। ऐसे कुल 685 बड़े बकायेदारों को डिमांड नोटिस भेजा जा रहा है। निगम अधिकारियों के मुताबिक यह नोटिस अंतिम चेतावनी के रूप में जारी किया जा रहा है। अगर तय समय सीमा के भीतर टैक्स जमा नहीं किया गया तो सीधे कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।


निगम के अधिकारियों का कहना है कि शहर में सड़क, नाला, सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए टैक्स की राशि बेहद जरूरी होती है। लेकिन बड़ी संख्या में लोग वर्षों से प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं कर रहे हैं, जिससे निगम के राजस्व पर असर पड़ रहा है। इसी को देखते हुए अब सख्त रवैया अपनाया गया है।


नगर निगम ने पांच हजार रुपये से अधिक बकाया रखने वाले लोगों से भी संपर्क शुरू कर दिया है। निगम मुख्यालय के कंट्रोल रूम से फोन कर लोगों को जल्द टैक्स जमा करने के लिए कहा जा रहा है। साथ ही लोगों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से टैक्स भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।


अगर अलग-अलग अंचलों की बात करें तो सबसे ज्यादा बकाया नूतन राजधानी अंचल में दर्ज किया गया है। यहां 11 हजार 327 संपत्तिधारकों पर करीब 16 करोड़ 65 लाख रुपये का टैक्स बाकी है। वहीं बांकीपुर अंचल में 15 करोड़ 13 लाख रुपये, पाटलिपुत्र अंचल में 14 करोड़ 88 लाख रुपये, कंकड़बाग अंचल में 8 करोड़ 67 लाख रुपये, अजीमाबाद अंचल में 7 करोड़ 7 लाख रुपये और पटना सिटी अंचल में 3 करोड़ 17 लाख रुपये से अधिक की राशि बकाया है।


नगर निगम प्रशासन का कहना है कि अब हर अंचल स्तर पर नियमित समीक्षा की जाएगी और बकायेदारों के खिलाफ चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई होगी। निगम ने लोगों से अपील की है कि वे समय रहते अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर दें, ताकि आगे किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।