Patna News: पटना नगर निगम की ‘एक करोड़ पार्षद निधि योजना 4.0’ के तहत 29 वार्डों की करीब 400 योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। इन योजनाओं के तहत सड़क-नाला निर्माण, जीर्णोद्धार, जलापूर्ति, सामुदायिक भवन, पेवर ब्लॉक, मैनहोल मरम्मत सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य कराए जाएंगे।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य वार्डों की स्थानीय जरूरतों के अनुसार बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करना है। अब तक 67 वार्डों से करीब 950 योजनाओं की अनुशंसा निगम मुख्यालय को मिल चुकी है। शेष योजनाओं को भी प्रशासनिक स्वीकृति देने की प्रक्रिया चल रही है।
स्वीकृत योजनाओं में वार्ड 3 की 16, वार्ड 4 की 11, वार्ड 7 की 9, वार्ड 10 की 7, वार्ड 11 की 10, वार्ड 12 की 16, वार्ड 18 की 11, वार्ड 31 की 16, वार्ड 33 की 14, वार्ड 35 की 13 और वार्ड 36 की 13 योजनाएं शामिल हैं।
इसी तरह वार्ड 38 की 2, वार्ड 40 की 5, वार्ड 41 की 13, वार्ड 42 की 9, वार्ड 44 की 21, वार्ड 47 की 16, वार्ड 48 की 4, वार्ड 49 की 12, वार्ड 50 की 14, वार्ड 51 की 18, वार्ड 52 की 5, वार्ड 54 की 14, वार्ड 56 की 11, वार्ड 62 की 7, वार्ड 65 की 13, वार्ड 66 की 10, वार्ड 68 की 8, वार्ड 71 की 7 और वार्ड 72 की 16 योजनाओं को भी मंजूरी दी गई है।
इनमें पहाड़पुर मुस्लिम टोला में पेवर ब्लॉक लगाने, सीसीटीवी कैमरा लगाने, सामुदायिक भवन निर्माण, कदमकुआं वेंडिंग जोन के शेष कार्य, अटल पार्क में बाउंड्री और प्लांटर निर्माण, दमराही घाट महारानी स्थान में सामुदायिक भवन तथा बंगाली कॉलोनी में दुर्गा मंदिर के जीर्णोद्धार जैसी योजनाएं भी शामिल हैं।
पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में पीसीसी सड़क, भूगर्भ नाला, नाला-सड़क जीर्णोद्धार, सबमर्सिबल, पेवर ब्लॉक, मैनहोल मरम्मत, सामुदायिक भवन और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं की अनुशंसा की है। अन्य वार्डों से प्राप्त प्रस्तावों में सामुदायिक एवं सार्वजनिक शौचालय, ट्यूबवेल, सड़क-नाला निर्माण और मंदिर जीर्णोद्धार समेत कई कार्य शामिल हैं।
हालांकि वार्ड 8, 22-सी, 24, 27, 43, 45, 57 और 60 से अभी तक योजनाओं की अनुशंसा नहीं मिली है। निगम की ओर से इन वार्डों के पार्षदों से जल्द योजनाएं भेजने की अपेक्षा की गई है। वहीं, अन्य वार्डों से प्राप्त अनुशंसाओं को प्रशासनिक स्वीकृति देने की प्रक्रिया निगम मुख्यालय स्तर पर जारी है।