PATNA: बिहार की राजधानी पटना ने शहरी विकास और वित्तीय प्रबंधन के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल की है। पटना नगर निगम ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी NSE पर 199.99 करोड़ रुपये के म्यूनिसिपल बॉन्ड सूचीबद्ध किए हैं।


खास बात यह है कि बिहार में पहली बार किसी नगर निकाय ने म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी किए हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस उपलब्धि पर बिहार और पटना नगर निगम को बधाई दी है। उन्होंने इसे टीम इंडिया की भावना और राज्यों के बीच आपसी सहयोग का उदाहरण बताया है।


पटना नगर निगम की इस उपलब्धि को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने बताया कि बिहार के अधिकारियों ने पिछले साल दिसंबर में मुंबई का दौरा किया था। इस दौरान अधिकारियों ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में पूंजी बाजार और म्यूनिसिपल बॉन्ड के जरिए फंड जुटाने की प्रक्रिया को समझा था।


इसके बाद बिहार के अधिकारियों का एक दल महाराष्ट्र के नासिक भी पहुंचा था। वहां नासिक नगर निगम ने अपने क्लीन गोदावरी बॉन्ड के जरिए NSE पर फंड जुटाने का अनुभव साझा किया था। फडणवीस के मुताबिक, इस अनुभव के एक साल से भी कम समय में पटना नगर निगम ने भी NSE पर 199.99 करोड़ रुपये के म्यूनिसिपल बॉन्ड सूचीबद्ध कर दिए।


महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को राज्यों के बीच सहयोग का उदाहरण बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टीम इंडिया की सोच यही है कि राज्य एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी नहीं, बल्कि विकास के साझेदार हैं। एक राज्य की सफलता और अनुभव दूसरे राज्यों के विकास में मददगार बन सकता है। उन्होंने कहा कि सहकारी और प्रतिस्पर्धी संघवाद साथ-साथ काम करते हैं। महाराष्ट्र विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए दूसरे राज्यों के साथ अपना अनुभव और सहयोग साझा करने के लिए हमेशा तैयार रहेगा।


देवेंद्र फडणवीस ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पटना नगर निगम और इस पूरी प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों को बधाई दी है। अब पटना नगर निगम की यह पहल बिहार के दूसरे शहरी निकायों के लिए भी पूंजी बाजार के जरिए विकास योजनाओं के लिए संसाधन जुटाने का रास्ता खोल सकती है।