PATNA: अगर आप भी मोमो खाने के शौकीन हैं, तो यह खबर आपको सावधान करने वाली है। राजधानी पटना में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने का मामला सामने आया है। यहां कुछ दुकानों में सड़े हुए चिकन और बार-बार इस्तेमाल किए गए जले तेल से मोमो तैयार किए जा रहे थे। 


स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के निर्देश पर उनकी टीम दुर्गा पूजा से ही लगातार छापेमारी कर रही है, खाद्य संरक्षा विभाग के पदाधिकारियों की रेड से गड़बड़ी करने वाले दुकानदारों और कारोबारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। लोगों की जान के साथ खिलवाड़ करने वाले वालों पर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पटना में स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा टीम ने तीन मोमो दुकानों पर छापेमारी कर 22 किलो सड़ा हुआ चिकन और 21 लीटर जला तेल को नष्ट कराया। कार्रवाई के दौरान एक दुकान को दो दिनों के लिए बंद भी करा दिया गया। वहीं, एक अन्य दुकान में बिना लाइसेंस मोमो बनाने और बेचने पर रोक लगा दी गई है।


दरअसल, खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को पटना के तीन प्रमुख मोमो प्रतिष्ठानों में औचक छापेमारी की। इस दौरान कांटी फैक्ट्री रोड स्थित 'द मोमोज कैफे' में भारी गंदगी और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिली। जांच के दौरान डीप फ्रीजर गंदा पाया गया। उसमें तापमान बताने की व्यवस्था भी नहीं थी। इतना ही नहीं, वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री एक साथ रखी गई थी। टीम को यहां 22 किलो सड़ा हुआ चिकन मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए प्रतिष्ठान को दो दिनों के लिए बंद करा दिया गया। साथ ही, इसका लाइसेंस निलंबित करने की अनुशंसा की गई है।


इसके बाद खाद्य सुरक्षा टीम ने सिटी सेंटर मॉल स्थित 'वाउ मोमो एंड वाउ चाइना' आउटलेट में जांच की। यहां इस्तेमाल के लिए रखा गया 21 लीटर जला हुआ तेल मिला। अधिकारियों ने तत्काल इसे नष्ट करा दिया और प्रतिष्ठान प्रबंधन को स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों में सुधार के लिए नोटिस जारी किया। वहीं, पटना सिटी के मोगलपुरा स्थित 'सिटी मोमो सेंटर' में जांच के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं। यह प्रतिष्ठान बिना वैध लाइसेंस के संचालित हो रहा था। यहां काम करने वाले कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं थे। इसके अलावा, शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री एक साथ तैयार की जा रही थी।


इन अनियमितताओं को देखते हुए विभाग ने तत्काल प्रभाव से यहां मोमो बनाने और बेचने पर रोक लगा दी। साथ ही, सात दिनों के भीतर वैध लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया गया है। खाद्य संरक्षा विभाग ने तीनों प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने के लिए नोटिस जारी किया है। दुकानदारों को 14 दिनों के भीतर सभी खामियां दूर करनी होंगी और 15वें दिन अनुपालन रिपोर्ट जमा करनी होगी। ऐसा नहीं करने पर लाइसेंस निलंबित करने से लेकर स्थायी रूप से रद्द करने तक की कार्रवाई की जा सकती है।


फिलहाल, खाद्य संरक्षा विभाग ने साफ कर दिया है कि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले खाद्य प्रतिष्ठानों को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग की ओर से पटना के अन्य इलाकों में भी छापेमारी और जांच अभियान जारी रखने की बात कही गई है। ऐसे में अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले अन्य प्रतिष्ठानों पर क्या कार्रवाई होती है? हालांकि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और उनकी टीम की कार्रवाई से गड़बड़ी और लापरवाही करने वाले कारोबारियों की नींद उड़ गयी है। एक तरफ खाद्य संरक्षा विभाग की टीम छापेमारी कर रही है तो दूसरी ओर औषधि नियंत्रण विभाग की टीम कार्रवाई कर रही है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है। हर तरफ निशांत कुमार और उनकी टीम की तारीफ हो रही है।