Patna News: पटना के मरीन ड्राइव से एक युवक के लापता होने का मामला सामने आया है। बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला थाना क्षेत्र के अथमलगोला इंग्लिश निवासी कुंदन सिंह 9 सितंबर से लापता हैं। करीब दो महीने बीत जाने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बेटे की तलाश में परेशान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने बहादुरपुर थाना में अपहरण का मामला दर्ज कराया है।




परिजनों के मुताबिक, कुंदन सिंह के लापता होने के बाद बहादुरपुर थाना में कांड संख्या 382/26 के तहत अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। हालांकि, दो महीने गुजर जाने के बावजूद पुलिस अब तक कुंदन का पता नहीं लगा सकी है। परिवार लगातार उनकी तलाश में जुटा है, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है।




कुंदन के लापता होने से घर में मातम जैसा माहौल है। उनकी मां और बहन लगातार उनकी वापसी की आस लगाए बैठी हैं। मां दिनभर घर में दीपक जलाकर भगवान से बेटे की सलामती की प्रार्थना करती हैं। वहीं, परिवार के अन्य सदस्य भी किसी अनहोनी की आशंका से परेशान हैं।




कुंदन के पिता और चाचा उसकी तलाश को लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं। परिजनों का कहना है कि वे डीजीपी तक से मिलकर मामले में कार्रवाई की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक कुंदन के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।




कुंदन के चाचा के अनुसार, पटना में आखिरी बार उसे उसके दोस्त सूर्या सोलंकी के साथ देखा गया था। परिजनों ने इस मामले में सूर्या सोलंकी की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस अब तक उससे पूछताछ या गिरफ्तारी के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं दे पाई है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।




दो महीने से बेटे का कोई सुराग नहीं मिलने के कारण परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। परिजनों का कहना है कि वे हर स्तर पर अपनी फरियाद पहुंचा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई नतीजा नहीं निकला है। निराश परिजन अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी गुहार लगा रहे हैं। परिवार की ओर से अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए आत्मदाह की अनुमति तक मांगे जाने की बात सामने आई है।



फिलहाल परिवार को कुंदन सिंह की सुरक्षित वापसी का इंतजार है। परिजनों ने पुलिस और प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द से जल्द युवक का पता लगाने की मांग की है।