Patna Metro: पटना मेट्रो परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए निर्माण कार्य में तेजी लाई जा रही है। परियोजना के अगले चरण में चिड़ियाघर, विकास भवन और इनकम टैक्स गोलंबर पर मेट्रो स्टेशनों का निर्माण किया जाना है। इसके लिए बेली रोड के बड़े हिस्से को घेरने की तैयारी की जा रही है, जिससे यातायात प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन रूट डायवर्जन योजना पर काम कर रहा है।


इसी संबंध में ट्रैफिक पुलिस, मेट्रो अधिकारियों और ऑटो चालक संघ के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ट्रैफिक एसपी सतीश कुमार ने की। उन्होंने बताया कि मेट्रो स्टेशन निर्माण के दौरान चिड़ियाघर, विकास भवन और इनकम टैक्स गोलंबर क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक प्रभावी और व्यवहारिक रूट डायवर्जन प्लान तैयार करना आवश्यक है।


बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि रूट डायवर्जन लागू करते समय आम नागरिकों और वाहन चालकों को कम से कम परेशानी हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। हालांकि विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई, लेकिन किसी भी योजना को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ और पंचम, मेट्रो प्रोजेक्ट मैनेजर, निर्माण एजेंसी एचसीसी के प्रतिनिधि तथा ऑटो चालक संघ के सदस्य मौजूद रहे।


वहीं, पटना मेट्रो डिपो परिसर और प्रस्तावित मेट्रो स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के अपर महानिदेशक नैयर हसनैन खान ने की।


बैठक में मेट्रो डिपो और स्टेशनों की सुरक्षा तैयारियों, सर्विलांस सिस्टम, एक्सेस कंट्रोल सिस्टम तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र की विस्तार से समीक्षा की गई। एडीजी ने वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करते हुए सुरक्षित और निर्बाध मेट्रो परिचालन सुनिश्चित करने के लिए सतर्कता एवं सुरक्षा के उच्चतम मानकों को बनाए रखने पर जोर दिया।