Patna Metro: पटना मेट्रो के प्रायोरिटी कॉरिडोर में निर्माण कार्य ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। ISBT स्टेशन और पटना डिपो को जोड़ने वाले सेक्शन में अंतिम यू-गर्डर सफलतापूर्वक लॉन्च कर दिया गया है। यह यू-गर्डर पिलर नंबर 187–188 के बीच अप लाइन पर स्थापित किया गया है।
इसके साथ ही प्रायोरिटी कॉरिडोर का बड़ा हिस्सा सिविल वर्क के लिहाज से पूरा हो गया है और सभी प्रीकास्ट एलिमेंट्स की स्थापना भी संपन्न हो चुकी है। इस उपलब्धि को परियोजना के निर्माण में एक अहम चरण माना जा रहा है। पटना मेट्रो में यू-गर्डर लॉन्चिंग की शुरुआत 26 जनवरी 2023 को हुई थी और अब तक कुल 328 यू-गर्डर लगाए जा चुके हैं।
इन यू-गर्डर्स की मदद से एलिवेटेड ट्रैक का ढांचा तैयार किया जाता है, जिस पर भविष्य में मेट्रो ट्रेनें चलेंगी। अब परियोजना के अगले चरण में ट्रैक बिछाने, सिग्नलिंग सिस्टम, ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन और स्टेशनों के फिनिशिंग कार्यों को तेजी से पूरा किया जाएगा।
निर्माण कार्य के दौरान कई स्थानों पर यू-गर्डर लॉन्चिंग के कारण यातायात को डायवर्ट करना पड़ता था, जिससे लोगों को असुविधा होती थी। अब इस बड़े चरण के पूरा होने के बाद शहरवासियों को ट्रैफिक जाम और डायवर्जन से राहत मिलने की उम्मीद है।
पटना मेट्रो के प्रायोरिटी कॉरिडोर में ISBT, जीरो माइल, भूतनाथ रोड, खेमनीचक और मलाही पकड़ी स्टेशन शामिल हैं। फिलहाल इस कॉरिडोर पर केवल ISBT से भूतनाथ रोड तक मेट्रो का परिचालन जारी है।