Patna Metro: पटना मेट्रो के पहले चरण को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। ISBT से मलाही पकड़ी तक मेट्रो का किराया 30 रुपये तय किया गया है। वहीं ISBT से भूतनाथ तक का किराया 15 रुपये रखा गया है। इस रूट पर मेट्रो सेवा शुरू होने की तैयारी अंतिम चरण में है।


हालांकि, भूतनाथ से मलाही पकड़ी सेक्शन शुरू होने के बाद भी खेमनीचक स्टेशन पर फिलहाल ट्रेन नहीं रुकेगी। निर्माण कार्य पूरा न होने के कारण मेट्रो सिर्फ इस स्टेशन से होकर गुजरेगी। स्टेशन के पूरी तरह तैयार होने के बाद ही यहां स्टॉपेज शुरू किया जाएगा।


पटना मेट्रो परियोजना के पश्चिमी कॉरिडोर में अंडरग्राउंड और एलिवेटेड दोनों हिस्सों पर तेजी से काम चल रहा है। आकाशवाणी मेट्रो स्टेशन से नेहरू पथ होते हुए एक अंडरग्राउंड लाइन विद्युत भवन तक जाएगी। यहां एक नया अंडरग्राउंड स्टेशन बनाया जाएगा, जिससे सचिवालय और आसपास के दफ्तरों को सीधी मेट्रो सुविधा मिलेगी।


यह अंडरग्राउंड टनल आगे विकास भवन, पटना जू, राजा बाजार और रुकनपुरा होते हुए पाटलिपुत्र मेट्रो स्टेशन तक पहुंचेगी। इसके बाद मेट्रो सेवा एलिवेटेड ट्रैक पर संचालित होगी। पाटलिपुत्र से आगे मेट्रो एलिवेटेड कॉरिडोर के जरिए आरपीएस मोड़ और सगुना मोड़ होते हुए दानापुर तक जाएगी। इससे पश्चिमी पटना और दानापुर क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।


नेहरू पथ पर अंडरग्राउंड टनल और स्टेशनों के लिए मिट्टी जांच (सॉइल टेस्टिंग) अंतिम चरण में है। रिपोर्ट आने के बाद निर्माण कार्य तेज किया जाएगा। वहीं दानापुर से पाटलिपुत्र के बीच एलिवेटेड कॉरिडोर लगभग पूरा हो चुका है और इसे जल्द चालू करने की तैयारी की जा रही है।